ऊधम सिंह नगर जिले के पंतनगर में रविवार देर रात भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। मामूली राजनीतिक टिप्पणी से शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट तक की नौबत आ गई और थाने में भी हंगामा चलता रहा। मामले ने तूल पकड़ा तो भाजपा पार्षद की तहरीर पर पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं सहित 10-12 लोगों पर केस दर्ज किया है।
विवाद की शुरुआत व्हाट्सएप ग्रुप से
जानकारी के मुताबिक, वार्ड नंबर-सात निवासी भाजपा पार्षद धनोज यादव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार को नगला बचाओ अभियान नामक व्हाट्सएप ग्रुप में कुछ लोगों ने आपत्तिजनक राजनीतिक टिप्पणी की थी। उस समय मामला शांत करवा दिया गया था, लेकिन रविवार शाम विवाद ने फिर से तूल पकड़ लिया।
फोन कॉल के बाद गोलगेट पर भिड़ंत
पार्षद धनोज यादव का आरोप है कि रविवार शाम करीब छह बजे अजय कुमार उर्फ अज्जू ने उन्हें फोन कर गोलगेट बुलाया। जब वह वहां पहुंचे तो अज्जू, हरिओम और दिनेश सिंह ने उन पर हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी दी।
भाई भी बना निशाना
इस दौरान जब उनका भाई उन्हें ढूंढते हुए गोलगेट पहुंचा तो आरोपियों ने 10-12 अन्य लोगों के साथ मिलकर उस पर भी हमला कर दिया। हमलावरों ने उसके भाई की जमकर पिटाई की और वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। पिटाई से घायल पार्षद के भाई का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
Government Advertisement
पुलिस में हंगामा, केस दर्ज
मारपीट की घटना के बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे, जहां देर रात तक हंगामा चलता रहा। आखिरकार पार्षद धनोज यादव की तहरीर पर पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं अजय सिंह उर्फ अज्जू, हरिओम, दिनेश सिंह, राहुल समेत 10-12 अन्य अज्ञात लोगों पर मारपीट, धमकी देने और वाहन क्षति के आरोप में मुकदमा दर्ज किया।
तनावपूर्ण माहौल, पुलिस सतर्क
घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक माहौल तनावपूर्ण हो गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी तरह की गड़बड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।







