
टिहरी के ग्राम पंचायत कैन्सूर निवासी साहिल सुरियाल ने आईआईटी इंदौर में प्रवेश पाकर अपने गांव और जनपद का नाम रोशन किया है। राजकीय इंटर कॉलेज चाका के इंटरमीडिएट टॉपर साहिल को सुपर-30 शैक्षणिक कार्यक्रम के माध्यम से मार्गदर्शन और सुविधाएं मिलीं। उनकी सफलता पर शिक्षकों और समाजसेवियों ने उन्हें बधाई देते हुए अन्य युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
- टिहरी के साहिल ने आईआईटी इंदौर में बनाई जगह
- साहिल सुरियाल की सफलता से टिहरी में खुशी की लहर
- इंटरमीडिएट टॉपर साहिल का आईआईटी इंदौर में चयन
- सुपर-30 के मार्गदर्शन से साहिल ने हासिल की बड़ी सफलता
ओ. पी. उनियाल
देहरादून। टिहरी जनपद के ग्राम पंचायत कैन्सूर, पट्टी पालकोट निवासी साहिल सुरियाल ने आईआईटी इंदौर में प्रवेश प्राप्त कर अपने गांव और जनपद का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
राजकीय इंटर कॉलेज, चाका से इंटरमीडिएट परीक्षा में टॉपर रहे साहिल ने कड़ी मेहनत, लगन और निरंतर प्रयास के बल पर यह सफलता हासिल की। उनकी प्रतिभा को देखते हुए राजकीय शिक्षक संघ, टिहरी के तपोवन में आयोजित अधिवेशन में भी उन्हें सम्मानित किया गया।
साहिल की सफलता में समाजसेवी सुंदर सिंह सजवाण के मार्गदर्शन का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। उन्होंने साहिल को सुपर-30 शैक्षणिक कार्यक्रम से जोड़ा, जिसके अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को पुस्तकें, कोचिंग, आवास और भोजन सहित आवश्यक सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं।
एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सुलोचना सजवाण और समाजसेवी सुंदर सिंह सजवाण ने साहिल को इस उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि साहिल जैसी प्रतिभाएं ही देश और समाज को प्रगति के पथ पर आगे ले जाती हैं। उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है।








