
मील प्रेप समय बचाने का अच्छा तरीका है, लेकिन इसे सही तरीके से करना बेहद जरूरी है। गलत तरीके से खाना स्टोर करने या लंबे समय तक रखने से उसकी गुणवत्ता घट सकती है और स्वास्थ्य पर भी नकारात्मक असर पड़ सकता है।
- Meal Prep की ये 4 गलतियां पड़ सकती हैं भारी
- खाना स्टोर करते समय रखें इन बातों का ध्यान
- Meal Prep से पहले जान लें ये जरूरी किचन टिप्स
- सही Meal Prep अपनाएं, समय भी बचाएं और सेहत भी
आज के समय में लोगों के पास इतना समय नहीं होता कि वे रोज़ाना घंटों किचन में खड़े होकर खाना बनाएं। ऐसे में बार-बार बाहर का खाना मंगवाना जेब और सेहत दोनों पर भारी पड़ता है। इस समस्या का एक आसान समाधान Meal Prep है। इस ट्रेंड में लोग पूरे सप्ताह के लिए सब्जियां काटकर या कुछ तैयारियां पहले से करके फ्रिज में स्टोर कर लेते हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर जल्दी खाना बनाया जा सके।
हालांकि, यदि Meal Prep सही तरीके से न किया जाए, तो यह आदत सेहत पर भारी पड़ सकती है। गलत तरीके से खाना स्टोर करना, जरूरत से ज्यादा दिनों तक रखना या बार-बार गर्म करना भोजन की गुणवत्ता और सुरक्षा दोनों को प्रभावित कर सकता है।
पूरे सप्ताह का पका हुआ खाना एक साथ न बनाएं
अक्सर लोग रविवार को पूरे 6–7 दिनों का खाना बनाकर फ्रिज में रख देते हैं, जबकि ऐसा नहीं करना चाहिए। यदि समय बचाना चाहते हैं, तो ग्रेवी या बेस तैयार करके अलग-अलग कंटेनरों में रख सकते हैं, लेकिन भोजन ताजा बनाकर ही खाना बेहतर होता है। लंबे समय तक रखा पका हुआ भोजन अपना स्वाद, टेक्सचर और कुछ पोषक तत्व खो सकता है।
गर्म खाना सीधे फ्रिज में न रखें
कभी भी गर्म भोजन या गर्म बर्तन को सीधे फ्रिज में न रखें। इससे फ्रिज का अंदरूनी तापमान बढ़ सकता है और उसमें रखा अन्य भोजन भी प्रभावित हो सकता है। पहले खाने को हल्का ठंडा होने दें, लेकिन उसे कमरे के तापमान पर अधिक देर तक न छोड़ें। इसके बाद एयरटाइट कंटेनर में भरकर फ्रिज में रखें।
सही कंटेनर का इस्तेमाल करें
Meal Prep के दौरान सही कंटेनर चुनना बेहद जरूरी है। हर डिब्बा भोजन स्टोर करने के लिए उपयुक्त नहीं होता। कम गुणवत्ता वाले प्लास्टिक कंटेनर गर्म भोजन के संपर्क में आने पर हानिकारक रसायन छोड़ सकते हैं। हमेशा फूड-ग्रेड, BPA-Free या कांच के एयरटाइट कंटेनरों का ही उपयोग करें।
फल और सब्जियां कई दिनों पहले काटकर न रखें
Meal Prep के नाम पर कई लोग सभी फल और सब्जियां पहले ही काटकर रख देते हैं। लेकिन कटने के बाद हवा और रोशनी के संपर्क में आने से इनमें मौजूद कुछ विटामिन धीरे-धीरे कम होने लगते हैं। साथ ही नमी बढ़ने से सब्जियां जल्दी खराब भी हो सकती हैं। इसलिए जहां तक संभव हो, फल और सब्जियां जरूरत के अनुसार ही काटें। यदि पहले से काटना आवश्यक हो, तो उन्हें एयरटाइट कंटेनर में रखें और जल्द से जल्द उपयोग कर लें।







