
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) ने स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा की अंतिम आंसर की जारी कर दी है। विशेषज्ञ समिति की समीक्षा के बाद एक प्रश्न को मूल्यांकन से बाहर किया गया है, जबकि एक अन्य प्रश्न के दो विकल्पों को सही माना गया है। अब 99 प्रश्नों के आधार पर परिणाम तैयार किया जाएगा।
- UKSSSC ने स्नातक भर्ती परीक्षा की फाइनल आंसर की की जारी
- विशेषज्ञ समिति की समीक्षा के बाद बदली उत्तर कुंजी
- 99 प्रश्नों के आधार पर होगा स्नातक भर्ती परीक्षा का मूल्यांकन
- पेपर लीक के बाद दोबारा हुई परीक्षा की अंतिम उत्तर कुंजी जारी
देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) ने विभिन्न विभागों में 416 पदों पर भर्ती के लिए आयोजित स्नातक स्तरीय परीक्षा की अंतिम आंसर की जारी कर दी है। अभ्यर्थियों से प्राप्त आपत्तियों की विशेषज्ञ समिति द्वारा समीक्षा के बाद आयोग ने एक प्रश्न को मूल्यांकन से हटाने और एक अन्य प्रश्न के दो विकल्पों को सही मानने का निर्णय लिया है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि अब इसी अंतिम उत्तर कुंजी के आधार पर परीक्षा परिणाम तैयार किया जाएगा।
यह परीक्षा पहले 21 सितंबर 2025 को आयोजित की गई थी, लेकिन पेपर लीक प्रकरण सामने आने के बाद इसे निरस्त कर दिया गया था। राज्य सरकार ने मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी थी। इसके बाद आयोग ने भर्ती प्रक्रिया को दोबारा शुरू करते हुए 14 जून 2026 को परीक्षा आयोजित की।
अंतिम आंसर की के अनुसार पेपर सीरीज-ए के प्रश्न संख्या 85, सीरीज-बी के प्रश्न संख्या 83, सीरीज-सी के प्रश्न संख्या 93 और सीरीज-डी के प्रश्न संख्या 96 को मूल्यांकन से पूरी तरह बाहर कर दिया गया है। इन प्रश्नों के लिए किसी अभ्यर्थी को अंक नहीं दिए जाएंगे और अब परीक्षा का मूल्यांकन 99 प्रश्नों के आधार पर किया जाएगा।
इसके अलावा आयोग ने सीरीज-ए के प्रश्न संख्या 34, सीरीज-बी के प्रश्न संख्या 62, सीरीज-सी के प्रश्न संख्या 76 और सीरीज-डी के प्रश्न संख्या 40 के लिए ‘सी’ और ‘डी’ दोनों विकल्पों को सही उत्तर माना है। ऐसे अभ्यर्थियों को अंक दिए जाएंगे जिन्होंने इन दोनों में से किसी एक विकल्प का चयन किया है।
आयोग का कहना है कि उत्तर कुंजी में किए गए सभी संशोधन विषय विशेषज्ञों की सिफारिश और अभ्यर्थियों की आपत्तियों के परीक्षण के बाद किए गए हैं। अंतिम उत्तर कुंजी जारी होने के साथ अब परिणाम तैयार करने की प्रक्रिया तेज हो जाएगी और जल्द ही भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित किए जाने की संभावना है।
पेपर लीक के कारण लंबे समय तक अटकी रही इस भर्ती प्रक्रिया पर हजारों अभ्यर्थियों की नजरें टिकी हुई हैं। अंतिम आंसर की जारी होने के बाद अब उम्मीदवारों को केवल परीक्षा परिणाम का इंतजार है, जिसके आधार पर आगे की चयन प्रक्रिया शुरू की जाएगी।





