छुट्टी पर घर आए सैनिक की गोली मारकर हत्या

सहारनपुर। रामपुर मनिहारान के गांव मुंडीखेड़ी निवासी सेना के जवान विक्रांत (27) पुत्र रविंद्र का शव बृहस्पतिवार सुबह एक खेत में गोली लगा पड़ा मिला। वह खाना खाने के बाद बुधवार शाम साढ़े सात बजे घर से निकल गया था। रात में घर ना आने पर परिजनों ने उसे तलाश भी किया लेकिन उसका पता नहीं चल सका।
सुबह छह बजे खेतों की तरफ गए ग्रामीणों ने गांव के नजदीक एक चकरोड पर उसका शव पड़ा देखा। उसे सीने पर गोली लगी हुई थी। सूचना पर सीओ नकुड़ एसएन वैभव पांडेय, इंस्पेक्टर संजीव कुमार पुलिस बल और फारेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने साक्ष्य जुटाए और जांच पड़ताल की।
आस पास के लोगों से जानकारी लेने के बाद शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई के लिए भेजा। विक्रांत वर्ष 2019 सेना में भर्ती हुआ था। वह वर्तमान में जम्मू कश्मीर में तैनात था। तीन दिन पहले ही वह एक माह की छुट्टी पर घर आया था। विक्रांत दो भाईयों में बड़ा और अविवाहित था। सीओ ने बताया कि परिजनों ने अभी तहरीर नहीं दी है। पुलिस कई बिंदुओं पर जांच कर रही है।