घोषणा के पांच साल बाद भी थाना शुरू नहीं हो पाया

टिहरी। थौलधार के ब्लॉक मुख्यालय कंडीसौड़ में घोषणा के पांच साल बाद भी थाना शुरू नहीं हो पाया है। कंडीसौड़ क्षेत्र में 12 पटवारी क्षेत्र से लेकर 100 से अधिक गांव पड़ते हैं। चारधाम यात्रा मार्ग का भी कंडीसौड़ मुख्य पड़ाव है लेकिन थाना न होने के कारण ग्रामीणों से लेकर व्यापारियों को परेशानियां उठानी पड़ती है।

चारधाम यात्रा मार्ग का मुख्य पड़ाव कंडीसौड़ में लंबे समय बाद भी थाना शुरू नहीं हो पाया है। सरकार ने करीब पांच साल पहले कंडीसौड़ में थाना खोलने की घोषणा की थी, लेकिन वर्षों बाद भी घोषणा पूरी नहीं हो पाई है। पुरानी टिहरी डूबने के बाद कंडीसौड़ कस्बाई बाजार के रूप में विकसित हुआ है। जिससे 100 से अधिक गांव जुड़े हैं। बावजूद कानून व्यवस्था केवल राजस्व उप निरीक्षकों के भरोसे है। चारधाम से लेकर कांवड़ यात्रा भी इस मार्ग से होकर गुजरती है। बावजूद कानून व्यवस्था सिर्फ होमगार्ड के जिम्मे होती है।

पूर्व प्रधान गुलाब सिंह राणा, पीतांबर दत्त थपलियाल, जयवीर सिंह नेगी, शूरवीर सिंह चौहान का कहना है कि कंडीसौड़ तहसील से लेकर ब्लॉक मुख्यालय है। चारधाम यात्रा का भी मुख्य मार्ग है, लेकिन मार्ग पर थाना नहीं होने से कानून व्यवस्था को बनाने में काफी दिक्कत होती है। उन्होंने कंडीसौड़ में पुलिस थाना खोलने की मांग की।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह का कहना है कि कंडीसौड़ में थाना खोलने के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने पर थाना खोला जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Devbhoomi Samachar
Verified by MonsterInsights