
देहरादून में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का तीन दिवसीय दौरा आज से शुरू हो रहा है। दौरे के दौरान वह कोर कमेटी, मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और संगठन पदाधिकारियों के साथ कई महत्वपूर्ण बैठकें करेंगे। भाजपा ने उनके स्वागत और कार्यक्रमों को लेकर व्यापक तैयारियां की हैं, जबकि संगठनात्मक मजबूती और आगामी रणनीति पर भी विशेष चर्चा होगी।
- भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का आज से दून दौरा शुरू
- देहरादून में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन, 25 स्थानों पर होगा स्वागत
- नितिन नवीन लेंगे सांसदों-विधायकों और मंत्रियों की अहम बैठक
- परमार्थ निकेतन में संतों से संवाद करेंगे भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन
देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज से तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर देहरादून पहुंच रहे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उनका यह पहला उत्तराखंड दौरा है, जिसे भाजपा संगठन बेहद महत्वपूर्ण मान रहा है। पार्टी ने उनके स्वागत से लेकर बैठकों तक की व्यापक तैयारियां की हैं। एयरपोर्ट से भाजपा प्रदेश कार्यालय तक 25 स्थानों पर कार्यकर्ता पारंपरिक अंदाज में उनका स्वागत करेंगे। युवा मोर्चा और महिला मोर्चा के कार्यकर्ता विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ मौजूद रहेंगे।
नितिन नवीन बृहस्पतिवार शाम 4:35 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से वह सीधे भाजपा प्रदेश मुख्यालय जाएंगे, जहां शाम 6:15 बजे प्रदेश कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक लेंगे। इसके तुरंत बाद मंत्रियों के साथ अलग बैठक आयोजित की जाएगी। माना जा रहा है कि इन बैठकों में संगठनात्मक मजबूती, आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों, पंचायत चुनावों की तैयारी और सरकार-संगठन के समन्वय पर विस्तार से चर्चा होगी।
भाजपा नेतृत्व इस दौरे को आगामी चुनावी रणनीति के लिहाज से भी अहम मान रहा है। प्रदेश भाजपा पदाधिकारी लंबे समय से राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे की तैयारियों में जुटे हुए थे। पार्टी कार्यकर्ताओं में भी इस दौरे को लेकर खासा उत्साह दिखाई दे रहा है।
शुक्रवार को नितिन नवीन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वह पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बीसी खंडूड़ी के आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे और उनके परिजनों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद राजपुर रोड स्थित एक होटल में बैठकों का लंबा दौर शुरू होगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष सबसे पहले सांसदों और विधायकों के साथ बैठक करेंगे, जिसमें संगठन और सरकार के बीच बेहतर तालमेल, जनसंपर्क अभियान और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों पर चर्चा होगी। इसके बाद प्रदेश पदाधिकारियों, जिला अध्यक्षों, मोर्चा अध्यक्षों और संगठन प्रभारियों के साथ अलग बैठक होगी। इन बैठकों में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने पर फोकस रहेगा।
दोपहर बाद नितिन नवीन महापौरों, नगर पालिका अध्यक्षों, जिला पंचायत अध्यक्षों और ब्लॉक प्रमुखों के साथ भी संवाद करेंगे। इसके अलावा मीडिया, सोशल मीडिया, आईटी सेल और पार्टी प्रवक्ताओं के साथ अलग बैठक कर प्रचार रणनीति और डिजिटल पहुंच को मजबूत करने पर चर्चा करेंगे।
दौरे के दूसरे दिन शाम को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन पहुंचेंगे, जहां वह गंगा आरती में शामिल होंगे और संत समाज के साथ संवाद करेंगे। भाजपा इसे आध्यात्मिक और सांस्कृतिक जुड़ाव के रूप में भी देख रही है।
दौरे के अंतिम दिन शनिवार को नितिन नवीन टपकेश्वर महादेव मंदिर में दर्शन करेंगे। इसके बाद वह गढ़ी कैंट क्षेत्र में बूथ अध्यक्ष के आवास पर जलपान करेंगे और बूथ समिति की बैठक में भाग लेंगे। भाजपा नेतृत्व इसे बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा बता रहा है।
शनिवार को वह सिंघनीवाला स्थित शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में आयोजित कॉन्क्लेव में भी शामिल होंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में युवाओं से संवाद करेंगे। भाजपा का दावा है कि इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा भाग लेंगे।
तीन दिवसीय दौरे के समापन के बाद नितिन नवीन शनिवार शाम देहरादून एयरपोर्ट से दिल्ली रवाना होंगे। भाजपा संगठन इस पूरे दौरे को संगठनात्मक दृष्टि से बेहद अहम मान रहा है और इसे आगामी राजनीतिक गतिविधियों की दिशा तय करने वाला दौरा माना जा रहा है।





