दरोगा पर महिला से दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज

पुलिस सूत्र बताते हैं कि आरोपी दारोगा कविनगर थाना क्षेत्र में रहता है। तीन दिन पूर्व पीड़िता ने वहां पहुंचकर हंगामा किया था।
गाजियाबाद। गाजियाबाद की सूर्यनगर चौकी के प्रभारी रहे दारोगा पर लिंक रोड थाने में एक महिला से दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया गया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने पहले कार्रवाई कोई नहीं की, इसके बाद पीड़िता ने एसएसपी से गुहार लगाई। इसके बाद आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। आरोपी दारोगा घटना के समय सूर्यनगर चौकी प्रभारी था। अभी वह पुलिस लाइन में तैनात है।
जानकारी के मुताबिक, लिंक रोड थानाक्षेत्र में रहने वाली महिला जनवरी में तत्कालीन सूर्यनगर चौकी प्रभारी अंशुल वर्मा के संपर्क में आई थी। पीड़िता अपने एक मुकदमे की जांच के सिलसिले में आरोपी से मिली थी। उस केस में आरोपी दारोगा जांच अधिकारी है। पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि आरोपी जांच के दौरान उसे कई बार सुनसान इलाके में लेकर गया। इस दौरान पीड़िता को दारोगा ने अपनी बातों में फंसा लिया। पीड़िता का आरोप है कि उसे दारोगा अंशुल वर्मा ने अपनी पत्नी से तलाक लेकर उससे शादी करने का झांसा दिया था। इसके बाद शारीरिक संबंध बनाए।
महिला का कहना है कि 13 अक्टूबर को वह दारोगा के शास्त्रीनगर स्थित आवास पर गई थी। वहां दरोगा ने उसके साथ मारपीट की और मोबाइल फोन भी तोड़ दिया। महिला ने मामले की शिकायत एसएसपी से की। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लिंक रोड थाने में आरोपी दारोगा के खिलाफ महिला की शिकायत पर दुष्कर्म का केस दर्ज किया है। जानकारी के मुताबिक, महिला दुष्कर्म के ही मामले में आरोपी दारोगा से मिली थी।
पुलिस सूत्र बताते हैं कि आरोपी दारोगा कविनगर थाना क्षेत्र में रहता है। तीन दिन पूर्व पीड़िता ने वहां पहुंचकर हंगामा किया था। इसके चलते मामला कविनगर थाने में पहुंच गया था। पीड़िता ने बलात्कार के मामले में आरोपी दारोगा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन मामला लिंक रोड थाना क्षेत्र से जुड़ा होने के चलते उसे लिंक रोड थाने भेज दिया गया था।
एसपी (ट्रांस हिंडन) ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के बाद आरोपी दरोगा के खिलाफ दुष्कर्म के संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है, जो भी तथ्य सामने आएंगे उनके आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।