
सेलाकुई के चर्चित एंजेल चकमा हत्याकांड में फरार मुख्य आरोपी यज्ञराज अवस्थी के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कर दिया गया है। आरोपी के नेपाल में शरण लेने की पुष्टि के बाद दून पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों के माध्यम से प्रत्यर्पण की प्रक्रिया तेज कर दी है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपी को भारत लाकर न्यायालय के समक्ष पेश किया जा सकेगा।
- नेपाल में छिपे यज्ञराज की तलाश अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेज
- एंजेल चकमा हत्याकांड में दून पुलिस को बड़ी सफलता, रेड कॉर्नर नोटिस जारी
- एक लाख के इनामी यज्ञराज की गिरफ्तारी के लिए नेपाल से संपर्क तेज
- सेलाकुई हत्याकांड: मुख्य आरोपी को भारत लाने की प्रक्रिया में तेजी
देहरादून: सेलाकुई के बहुचर्चित एंजेल चकमा हत्याकांड में फरार चल रहे मुख्य आरोपी यज्ञराज अवस्थी की गिरफ्तारी की दिशा में दून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नेपाल में छिपे आरोपी के खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी होने के बाद अब उसके प्रत्यर्पण की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। पुलिस का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आरोपी की तलाश शुरू होने से उसकी गिरफ्तारी और भारत वापसी की संभावना पहले की तुलना में काफी बढ़ गई है। यह मामला पिछले वर्ष दिसंबर का है।
त्रिपुरा निवासी 24 वर्षीय एमबीए छात्र एंजेल चकमा पर 9 दिसंबर को सेलाकुई क्षेत्र में जानलेवा हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल एंजेल को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान 26 दिसंबर को उनकी मौत हो गई। इस घटना ने प्रदेशभर में व्यापक चर्चा बटोरी थी। पुलिस जांच में इस हत्याकांड में छह आरोपियों को नामजद किया गया था। इनमें मुख्य आरोपी यज्ञराज अवस्थी वारदात के बाद से लगातार फरार चल रहा है। जांच के दौरान यह पुष्टि हुई कि वह भारत छोड़कर नेपाल भाग गया, जिसके बाद दून पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्रवाई शुरू की।
क्षेत्राधिकारी विकासनगर अनुज कुमार के अनुसार, आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सभी कानूनी और अंतरराष्ट्रीय प्रक्रियाएं अपनाई जा रही हैं। इसी क्रम में उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कराया गया है। इसके बाद अब नेपाल सरकार और संबंधित केंद्रीय एजेंसियों के साथ आवश्यक पत्राचार कर प्रत्यर्पण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि रेड कॉर्नर नोटिस जारी होने के बाद आरोपी के किसी भी देश में छिपे रहने की संभावना सीमित हो जाती है और उसकी गिरफ्तारी के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग प्राप्त होता है।
इससे यज्ञराज अवस्थी को जल्द गिरफ्तार कर भारत लाने की उम्मीद मजबूत हुई है। दून पुलिस पहले ही मुख्य आरोपी यज्ञराज अवस्थी पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर चुकी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को भारत लाकर न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा ताकि बहुचर्चित एंजेल चकमा हत्याकांड में न्यायिक प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सके। इस मामले में पहले से गिरफ्तार अन्य आरोपियों के विरुद्ध भी विधिक कार्रवाई जारी है।





