
आगरा के यूथ हॉस्टल, संजय प्लेस में आयोजित तृतीय आगरा साहित्य समारोह 2026 में साहित्यकार मुकेश कुमार ऋषि वर्मा को सम्मानित किया गया। उन्हें प्रशस्ति पत्र, मोती माला और अंगवस्त्र प्रदान कर उनके साहित्यिक योगदान का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों से आए साहित्यकारों का सम्मान, काव्य पाठ तथा पुस्तक विमोचन जैसे आयोजन भी संपन्न हुए।
- आगरा साहित्य समारोह 2026 में साहित्यकारों का हुआ भव्य सम्मान
- मुकेश कुमार ऋषि वर्मा को प्रशस्ति पत्र एवं अंगवस्त्र से किया सम्मानित
- स्व. इंद्रजीत सिंह भदौरिया की जयंती पर आयोजित हुआ साहित्यिक महोत्सव
- काव्य पाठ और पुस्तक विमोचन के साथ संपन्न हुआ तृतीय आगरा साहित्य समारोह
आगरा। यूथ हॉस्टल, संजय प्लेस (आगरा) में तृतीय आगरा साहित्य समारोह-2026 का आयोजन कवि हरीश कुमार सिंह भदौरिया द्वारा अपने पूज्य पिताश्री स्वर्गीय इंद्रजीत सिंह भदौरिया की 98वीं जयंती के अवसर पर किया गया। इस गौरवशाली एवं भव्य आयोजन में तहसील फतेहाबाद निवासी मुकेश कुमार ऋषि वर्मा को प्रशस्ति पत्र, मोती माला तथा अंगवस्त्र (पटका) प्रदान कर सम्मानित किया गया।
मुकेश कुमार ऋषि वर्मा की अब तक आठ पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं तथा 40 से अधिक पांडुलिपियां प्रकाशन की प्रतीक्षा में हैं। इसके साथ ही वे शोध पत्रिका शोध समालोचन में प्रबंध संपादक भी हैं। वे 9 साझा संकलनों के संपादक रह चुके हैं तथा बृजलोक साहित्य कला संस्कृति अकादमी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। उनकी संस्था राष्ट्रीय स्तर पर जानी-पहचानी साहित्यिक संस्था के रूप में स्थापित है।
उक्त सम्मान प्राप्त करने पर मुकेश कुमार ऋषि वर्मा ने समारोह के आयोजक इंजी. हरीश कुमार भदौरिया का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों से पधारे साहित्यकारों का भी भव्य सम्मान किया गया। समारोह के दौरान काव्य पाठ, पुस्तक विमोचन एवं अन्य साहित्यिक गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिन्हें उपस्थित साहित्यप्रेमियों ने सराहा।
सफल एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न यह कार्यक्रम साहित्य और संस्कृति के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में याद किया जाएगा।








