
डॉ. सत्यवान सौरभ के दोहे वर्तमान समाज, राजनीति, न्याय व्यवस्था और रिश्तों की बदलती तस्वीर को तीखे व्यंग्य और संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करते हैं। इन दोहों में सामाजिक विसंगतियों, नैतिक गिरावट और मानवीय मूल्यों के क्षरण का सशक्त चित्रण है।
- बदलते दौर की कड़वी सच्चाई: सौरभ के दोहे
- समाज, राजनीति और रिश्तों पर तीखा प्रहार
- दोहों में समकालीन भारत की तस्वीर
- सौरभ के दोहे: व्यंग्य और यथार्थ का संगम
डॉ. सत्यवान सौरभ
आज तुम्हारे ढोल से, गूँज रहा आकाश।
बदलेगी सरकार कल, होगा पर्दाफाश॥
छुपकर बैठे भेड़िये, लगा रहे हैं दाँव।
बच पाए कैसे सखी, अब भेड़ों का गाँव॥
नफरत के इस दौर में, कैसे पनपे प्यार।
ज्ञानी-पंडित-मौलवी, करते जब तकरार॥
नई सदी ने खो दिए, जीवन के विन्यास।
साँस-साँस में त्रास है, घायल है विश्वास॥
जिनकी पहली सोच ही, लूट, नफ़ा श्रीमान।
पाओगे क्या सोचिए, चुनकर उसे प्रधान॥
कर्ज गरीबों का घटा, कहे भले सरकार।
सौरभ के खाते रही, बाकी वही उधार॥
लोकतंत्र अब रो रहा, देख बुरे हालात।
संसद में चलने लगे, थप्पड़-घूँसे, लात॥
मूक हुई किलकारियाँ, गुम बच्चों की रेल।
गूगल में अब खो गए, बचपन के सब खेल॥
स्याही, कलम, दवात से, सजने थे जो हाथ।
कूड़ा-करकट बीनते, नाप रहे फुटपाथ॥
चीरहरण को देखकर, दरबारी सब मौन।
प्रश्न करे अंधराज पर, विदुर बने वह कौन॥
सूनी बगिया देखकर, तितली है खामोश।
जुगनू की बारात से, गायब है अब जोश॥
अंधे साक्षी बनें हैं, गूँगे करें बयान।
बहरे थामें न्याय की, ‘सौरभ’ आज कमान॥
अपने प्यारे गाँव से, बस है यही सवाल।
बूढ़ा पीपल है कहाँ, गई कहाँ चौपाल॥
गलियाँ सभी उदास हैं, पनघट हैं सब मौन।
शहर गए उस गाँव को, वापस लाए कौन॥
पद-पैसे की आड़ में, बिकने लगा विधान।
राजनीति में घुस गए, अपराधी-शैतान॥
नई सदी में आ रहा, ये कैसा बदलाव।
संगी-साथी दे रहे, दिल को गहरे घाव॥
जर्जर कश्ती हो गई, अंधे खेवनहार।
खतरे में ‘सौरभ’ दिखे, जाना सागर पार॥
हत्या-चोरी-लूट से, काँपे रोज़ समाज।
रक्त-रंगे अख़बार हम, देख रहे हैं आज॥
योगी भोगी हो गए, संत चले बाजार।
अबलाएँ मठ-लोक से, रह-रह करें पुकार॥
दफ्तर, थाने, कोर्ट सब, देते उनका साथ।
नियम-कायदे भूलकर, गर्म करे जो हाथ॥
मंच हुए साहित्य के, गठजोड़ की सरकार।
सभी बाँटकर ले रहे, पुरस्कार हर बार॥
कौन पूछता योग्यता, तिकड़म है आधार।
कौवे मोती चुन रहे, हंस हुए बेकार॥
कदम-कदम पर हैं खड़े, लपलप करें सियार।
जाए तो जाए कहाँ, हर बेटी लाचार॥
बची कहाँ है आजकल, लाज-धर्म की डोर।
पल-पल लुटती बेटियाँ, कैसा कलयुग घोर॥
रामराज के नाम पर, कैसे हुए सुधार।
घर-घर दुःशासन खड़े, रावण है हर द्वार॥
वक्त बदलता दे रहा, कैसे-कैसे घाव।
माली बाग़ उजाड़ते, मांझी खोए नाव॥
घर-घर में रावण हुए, चौराहे पर कंस।
बहू-बेटियाँ झेलतीं, नित शैतानी दंश॥
वही खड़ी है द्रौपदी, और बढ़ी है पीर।
दरबारी सब मूक हैं, कौन बचाए चीर॥
गूँगे थे, अंधे बने, सुनती नहीं पुकार।
धृतराष्ट्रों के सामने, गई व्यवस्था हार॥
अभिजातों के हो जहाँ, लिखे सभी अध्याय।
बोलो सौरभ है कहाँ, वह सामाजिक न्याय॥
पीड़ित पीड़ा में रहे, अपराधी हो माफ़।
घिसती टाँगे न्याय बिन, कहाँ मिले इंसाफ॥
न्यायालय में पग घिसे, खिसके तिथियाँ वार।
केस न्याय का यूँ चले, ज्यों लकवे की मार॥
फीके-फीके हो गए, जंगल के सब खेल।
हरियाली को रौंदती, गुजरी जब से रेल॥
बदले आज मुहावरे, बदल गए सब खेल।
साँप-नेवले कर रहे, आपस में अब मेल॥
झूठों के दरबार में, सच बैठा है मौन।
घेरे घोर उदासियाँ, सुनता उसकी कौन॥
चूस रहे मजलूम को, मिलकर पुलिस-वकील।
हाकिम भी सुनते नहीं, सच की सही अपील॥
फ्रेंड लिस्ट में हैं जुड़े, सबके दोस्त हजार।
मगर पड़ोसी से नहीं, पहले जैसा प्यार॥
सौरभ खूब अजीब है, रिश्तों का संसार।
अपने ही लटका रहे, गर्दन पर तलवार॥
अब तो आए रोज़ ही, टूट रहे परिवार।
फूट-कलह ने खींच दी, आँगन में दीवार॥
कब तक महकेगी यहाँ, ऐसे सदा बहार।
माली ही जब लूटते, कलियों का संसार॥
ये भी कैसा प्यार है, ये कैसी है रीत।
खाया उस थाली करें, छेद आज के मीत॥
बना दिखावा प्यार अब, लेती हवस उफान।
राधा के तन पर लगा, है मोहन का ध्यान॥
प्यार वासनामय हुआ, टूट गए अनुबंध।
बिखरे-बिखरे से लगे, अब मीरा के छंद॥
बगिया सूखी प्रेम की, मुरझाया है स्नेह।
रिश्तों में अब तप नहीं, कैसे बरसे मेह॥
बैठक अब खामोश है, आँगन हुआ उजाड़।
बँटी समूची खिड़कियाँ, दरवाजे दो फाड़॥
कब गीता ने ये कहा, बोली कहाँ कुरान।
करो धर्म के नाम पर, धरती लहूलुहान॥
गैया हिन्दू हो गई, औ’ बकरा इस्लाम।
पशुओं के भी हो गए, जाति-धर्म से नाम॥
आधा भूखा है मरे, आधा ले पकवान।
एक देश में देखिए, दो-दो हिन्दुस्तान॥
कैसी ये सरकार है, कैसे हैं कानून।
करता नित ही झूठ है, सच्चाई का खून॥
बदले सुर में गा रहे, अब शादी के ढोल।
दूल्हा कितने में बिका, पूछ रहे हैं मोल॥
✍ डॉ. सत्यवान सौरभ
📍 333, परी वाटिका, कौशल्या भवन, बड़वा (सिवानी), भिवानी, हरियाणा







