
देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र स्थित नेहरूग्राम में मेहंदी समारोह के दौरान एक युवक की लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चलने से महिला घायल हो गई। घायल महिला को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि आरोपी युवक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। घटना में लापरवाही सामने आने पर आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
- मेहंदी कार्यक्रम में लापरवाही, पिस्टल से चली गोली
- देहरादून में शादी समारोह बना हादसे का कारण
- नाचते समय कमर से चली गोली, महिला अस्पताल में भर्ती
- लाइसेंस निरस्तीकरण की तैयारी, पुलिस ने पिस्टल जब्त की
देहरादून | देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेहरूग्राम में एक पारिवारिक मेहंदी समारोह उस समय अफरा-तफरी में बदल गया जब एक युवक की लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चल गई। घटना सोमवार रात लगभग साढ़े 11 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, गढ़वाली कॉलोनी नेहरूग्राम निवासी कमल कुमार यादव के घर शादी से पूर्व मेहंदी का कार्यक्रम आयोजित था। समारोह में परिजन और परिचित लोग नृत्य और उत्सव में शामिल थे। इसी दौरान परिचित लक्ष्मण सिंह नेगी, जो अपनी कमर में लाइसेंसी पिस्टल लगाए हुए थे, नाच रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नाचते समय अचानक पिस्टल से फायर हो गया। गोली कमल कुमार की साली नीलिमा के पैर में जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और जश्न का माहौल सन्नाटे में बदल गया। घायल महिला को तत्काल कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
Government Advertisement...
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। पिस्टल को जब्त कर लिया गया है तथा आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष गिरीश नेगी के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि पिस्टल पहले से लोड थी और नृत्य के दौरान नॉक हो जाने से फायर हो गया। मामले में पिस्टल का लाइसेंस निरस्त करने के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी जा रही है।
बड़ा हादसा टला
समारोह में छोटे बच्चे भी मौजूद थे। गनीमत रही कि पिस्टल की नाल नीचे की ओर थी, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। घटना ने एक बार फिर सार्वजनिक समारोहों में हथियार लेकर आने की लापरवाही पर सवाल खड़े कर दिए हैं।





