
मेरठ के सदर थाना क्षेत्र स्थित मीना बाजार में बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने एक सुनार से सोना लूटने की कोशिश की। विरोध करने पर पीड़ित स्कूटी समेत गिर गया, लेकिन शोर मचाने पर आरोपी फरार हो गए। आयुष विक्रम सिंह के अनुसार पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान में जुटी है।
- स्कूटी से लौट रहे सुनार को बदमाशों ने रोका
- विरोध पर नीचे गिरा, शोर मचाते ही भागे आरोपी
- सदर थाना क्षेत्र में वारदात से हड़कंप
- CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
मेरठ | मेरठ शहर के व्यस्त सदर थाना क्षेत्र के मीना बाजार में गुरुवार देर शाम लूट की एक वारदात ने इलाके में दहशत फैला दी। बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने एक सुनार को निशाना बनाते हुए उससे सोना लूटने की कोशिश की। हालांकि पीड़ित के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। जानकारी के अनुसार, परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम खटकी निवासी बाबू गिरी आबूलेन स्थित एक ज्वैलर्स की दुकान पर जेवर बनाने का कार्य करता है। गुरुवार शाम वह अपने एक साथी के साथ स्कूटी से विनायक राव के यहां सोने का टंच (शुद्धता जांच) निकलवाने गया था।
कार्य पूरा कर जब वह वापस लौट रहा था, तभी पीछे से आए दो नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने उसे रास्ते में रोकने का प्रयास किया। पीड़ित के अनुसार, उसने स्थिति भांपते हुए स्कूटी की रफ्तार बढ़ाने की कोशिश की, लेकिन बदमाशों ने उसे जबरन स्कूटी से खींच लिया। इस दौरान वह स्कूटी समेत सड़क पर गिर पड़ा और उसके कपड़े भी फट गए। बदमाश उसके पास मौजूद सोना छीनने का प्रयास कर रहे थे। घटना के दौरान बाबू गिरी ने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया। आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े तो बदमाश घबराकर बाइक से फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई।
Government Advertisement...
मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने बाजार क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है और व्यापारियों से भी सतर्क रहने की अपील की है। लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की बात कही जा रही है।







