
कलियर के पीपल चौक पर जायरीनों के दो गुटों में पुरानी रंजिश को लेकर लाठी-डंडों से हिंसक झड़प हो गई, जिसमें एक महिला गंभीर रूप से घायल हुई। ज्वालापुर से लौट रहे जायरीनों पर व्यस्त चौराहे पर हमला किया गया और घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने मामले की जानकारी मिलने पर कार्रवाई की बात कही है।
- रुड़की के कलियर में पुरानी रंजिश पर बवाल
- साबिर पाक से लौट रहे जायरीनों पर हमला
- व्यस्त चौक पर मारपीट से मची अफरा-तफरी
- पीपल चौक घटना पर पुलिस ने जांच की बात कही
रुड़की। हरिद्वार जनपद के कलियर थाना क्षेत्र में स्थित पीपल चौक उस समय रणक्षेत्र में तब्दील हो गया, जब जायरीनों के दो गुटों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर जमकर लाठी-डंडे चले। इस हिंसक झड़प में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे परिजनों ने तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ज्वालापुर से कुछ महिलाएं और पुरुष पिकअप वाहन से साबिर पाक दरगाह में हाजिरी लगाने आए थे। दर्शन के बाद जब वे वापस अपने घर लौट रहे थे, तभी पीपल चौक पर पहले से घात लगाए कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया।
देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई और व्यस्त चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि हमला पुरानी रंजिश के चलते किया गया। आरोप है कि हमलावरों ने खुलेआम कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए लाठी-डंडों से वार किए। इसी दौरान एक महिला के सिर पर गंभीर चोट आई, जिससे वह लहूलुहान हो गई।घटना के समय मौके पर मौजूद राहगीरों ने बीच-बचाव कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। हालांकि हमलावर मारपीट के बाद मौके से फरार हो गए।
Government Advertisement...
पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे क्षेत्र में चर्चा और चिंता का माहौल है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं, क्योंकि पीपल चौक क्षेत्र को संवेदनशील माना जाता है और यहां पुलिस की निगरानी रहती है। इसके बावजूद दिनदहाड़े इस तरह की घटना ने कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
इस संबंध में कलियर थाना प्रभारी रवींद्र कुमार ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में लाया जा रहा है। यदि इस प्रकार की घटना हुई है तो जांच कर संबंधित आरोपियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है और दोषियों की पहचान के प्रयास जारी हैं।






1 thought on “कलियर में जायरीनों के दो गुटों में खूनी झड़प, महिला घायल”