
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार गौतम की शिकायत पर पूर्व विधायक सुरेश राठौर और अभिनेत्री उर्मिला सनावर के खिलाफ देहरादून में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि सुनियोजित साजिश के तहत झूठे ऑडियो-वीडियो प्रसारित कर उनकी और भाजपा नेताओं की छवि खराब करने का प्रयास किया गया।
- दुष्यंत गौतम ने दर्ज कराई एफआईआर, पुलिस जांच में जुटी
- अंकिता भंडारी केस से जोड़कर बदनाम करने का आरोप
- सोशल मीडिया पर भ्रामक सामग्री फैलाने का मामला
- उर्मिला समेत नौ लोगों पर दो करोड़ की मानहानि का दावा
देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने पूर्व विधायक सुरेश राठौर और अभिनेत्री उर्मिला सनावर उर्फ उर्मिला सुरेश राठौर के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए डालनवाला कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि दोनों ने सुनियोजित आपराधिक षड्यंत्र के तहत झूठे और मनगढ़ंत ऑडियो-वीडियो तैयार कर उन्हें इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कराया। इन सामग्रियों के जरिए न केवल भाजपा, उसके वरिष्ठ पदाधिकारियों बल्कि स्वयं शिकायतकर्ता की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया।
दुष्यंत कुमार गौतम का आरोप है कि सोशल मीडिया पर वायरल किए गए ऑडियो-वीडियो को अंकिता भंडारी हत्याकांड से जोड़कर प्रस्तुत किया गया, जिसमें जानबूझकर उनका और भाजपा के अन्य नेताओं का नाम लिया गया। इसका उद्देश्य उन्हें झूठे मामलों में फंसाना और राजनीतिक व सामाजिक रूप से बदनाम करना बताया गया है। शिकायत के अनुसार, यह पूरी गतिविधि राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित है। इसका मकसद प्रदेश में भ्रम, तनाव और अशांति का माहौल पैदा करना है। आरोप है कि इन ऑडियो-वीडियो में आपत्तिजनक और भड़काऊ भाषा का प्रयोग किया गया, जिससे जनता को गुमराह करने का प्रयास हुआ।
Government Advertisement...
दुष्यंत गौतम ने यह भी आरोप लगाया कि इस कथित साजिश में कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और उत्तराखंड क्रांति दल से जुड़े कुछ अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं। शिकायत में कहा गया है कि इस नेटवर्क के जरिए प्रदेश ही नहीं बल्कि अन्य राज्यों में भी तनाव, उपद्रव और दंगे जैसी स्थिति उत्पन्न करने की कोशिश की गई। पुलिस को दिए गए बयान में दुष्यंत गौतम ने बताया कि भ्रामक ऑडियो-वीडियो विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर लगातार पोस्ट और शेयर किए जा रहे हैं, जिससे अफवाहों को बढ़ावा मिल रहा है। इसे भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट के प्रावधानों का उल्लंघन बताया गया है।
मामले के साथ-साथ भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री की ओर से दिल्ली हाईकोर्ट में उर्मिला सनावर समेत नौ लोगों के खिलाफ दो करोड़ रुपये की मानहानि का दावा भी दायर किया गया है। याचिका में कहा गया है कि सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से उनकी छवि को राष्ट्रीय स्तर पर नुकसान पहुंचाया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि दुष्यंत कुमार गौतम की शिकायत के आधार पर डालनवाला कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आईटी एक्ट के तहत उपलब्ध कराए गए साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है, साथ ही सोशल मीडिया पर उपलब्ध सामग्री का भी अवलोकन किया जा रहा है। मामले की जांच डालनवाला कोतवाली के निरीक्षक को सौंपी गई है।





