
देहरादून | उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अब बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे। शुक्रवार को वे सिवान जिले की गोरियाकोठी विधानसभा में चुनावी रैली को संबोधित करेंगे।
भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने बिहार में एनडीए प्रत्याशियों के लिए प्रचार की जिम्मेदारी मुख्यमंत्री धामी को सौंपी है। पार्टी के मुताबिक, धामी की सादगी और मजबूत संगठनात्मक छवि बिहार में एनडीए के पक्ष में माहौल बनाने में मदद करेगी। कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री आज एनडीए प्रत्याशी देवेशकांत सिंह के नामांकन में शामिल होंगे, जिसके बाद नारायण महाविद्यालय मैदान में एक बड़ी चुनावी जनसभा को संबोधित करेंगे।
रैली में मुख्यमंत्री धामी केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए जनता से एनडीए उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान की अपील करेंगे। वह अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे विकास कार्यों, विशेषकर आर्थिक सुधार, रोजगार सृजन और बुनियादी ढांचे के विस्तार की उपलब्धियों को प्रमुखता से रखेंगे।
भाजपा सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री धामी बिहार में एनडीए प्रचार के लिए तैयार की गई विशेष स्टार प्रचारक सूची में शामिल हैं। आने वाले दिनों में वे बिहार के अन्य जिलों में भी एकाधिक सभाएं और रोड शो करेंगे। गोरियाकोठी विधानसभा में होने वाली यह रैली एनडीए के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि यहां मुकाबला कड़ा है और मतदान से पहले मुख्यमंत्री धामी की मौजूदगी से भाजपा कार्यकर्ताओं में नया जोश देखा जा रहा है।