
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को देहरादून स्थित मैक्स हॉस्पिटल पहुँचे, जहाँ उन्होंने उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ राजनेता भुवन चंद्र खंडूरी से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य का हालचाल जाना।
पूर्व मुख्यमंत्री खंडूरी वर्तमान में स्वास्थ्य संबंधी कारणों से उपचाराधीन हैं। मुख्यमंत्री धामी ने चिकित्सकों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी प्राप्त की और डॉक्टरों से उपचार व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को खंडूरी जी के उपचार में किसी भी प्रकार की कमी न रहने देने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री धामी ने खंडूरी जी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि खंडूरी जी न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे देश की राजनीति में आदर्श और प्रेरणा स्रोत रहे हैं। उनका स्वास्थ्य बेहतर होना हम सभी के लिए अत्यंत आवश्यक है।
इस अवसर पर उत्तराखंड विधानसभा की अध्यक्ष एवं खंडूरी जी की पुत्री ऋतु खंडूरी भूषण भी उपस्थित रहीं। मुख्यमंत्री धामी ने उनसे भी खंडूरी जी के स्वास्थ्य एवं उपचार की जानकारी प्राप्त की और परिवार को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।





