
जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई है। जैश-ए-मोहम्मद के आतंकियों के इलाके में छिपे होने की आशंका के चलते CASO चलाया जा रहा है।
- छतरू क्षेत्र में शुरू हुआ घेराबंदी व तलाशी अभियान
- आतंकियों की गोलीबारी के बाद सुरक्षाबलों की जवाबी कार्रवाई
- घने जंगल में सर्च ऑपरेशन तेज
- अतिरिक्त बल मौके पर तैनात
किश्तवाड़ (जम्मू-कश्मीर)। जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले के एक सुदूर और घने वन क्षेत्र में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई है। यह मुठभेड़ रविवार दोपहर छतरू क्षेत्र के मन्द्रल–सिंघोरा के पास सोनार गांव में उस समय शुरू हुई, जब सुरक्षाबलों ने घेराबंदी एवं तलाशी अभियान (CASO) चलाया।
सूत्रों के अनुसार, इलाके में जैश-ए-मोहम्मद (JeM) के आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसी आधार पर सेना, पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त टीम ने जंगलों में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। तलाशी के दौरान आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर अचानक गोलीबारी कर दी, जिसके जवाब में जवानों ने भी मोर्चा संभालते हुए जवाबी फायरिंग की।
गोलीबारी के बाद पूरे इलाके को चारों ओर से घेर लिया गया है और ऑपरेशन को और मजबूत करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों को मौके पर भेजा गया है। घना जंगल और दुर्गम भौगोलिक स्थिति होने के कारण अभियान सावधानीपूर्वक आगे बढ़ाया जा रहा है।
सुरक्षा एजेंसियों से जुड़े सूत्रों का कहना है कि जैश-ए-मोहम्मद के तीन आतंकियों के इलाके में फंसे होने की आशंका है, हालांकि उनकी संख्या और पहचान को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। एजेंसियों ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और ऑपरेशन के आगे बढ़ने के साथ ही विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
फिलहाल, इलाके में हाई अलर्ट है और स्थानीय लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है। सुरक्षा बलों का कहना है कि आतंकियों को किसी भी सूरत में भागने नहीं दिया जाएगा और अभियान को अंजाम तक पहुंचाया जाएगा।






