
चमोली के गौचर में किसान दिवस के अवसर पर राज्यस्तरीय कृषि मेले का शुभारंभ हुआ। मेले में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किसानों के बीच पहुंचकर कृषि गतिविधियों का अवलोकन किया। गौचर में आयोजित राज्यस्तरीय कृषि मेले के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
- अंकिता भंडारी को न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन
- जंगली जानवरों से सुरक्षा की उठी मांग
- कृषि मेले में पहुंचे केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री
- पुलिस ने बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को रोका
कर्णप्रयाग (चमोली) | किसान दिवस के अवसर पर चमोली जनपद के गौचर में राज्यस्तरीय कृषि मेले का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान तथा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी विशेष रूप से मेले में पहुंचे और कई घंटों तक किसानों के बीच रहकर उनसे संवाद किया। राज्यस्तरीय कृषि मेले में पहाड़ी क्षेत्रों की कृषि परंपराओं और आधुनिक तकनीकों का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। मेले में पहाड़ी उत्पादों के स्टॉल लगाए गए हैं, जहां स्थानीय किसानों द्वारा उत्पादित अनाज, दालें, फल, सब्जियां और पारंपरिक खाद्य पदार्थ प्रदर्शित किए गए हैं।
इसके साथ ही खेती-किसानी में उपयोग होने वाले आधुनिक कृषि उपकरणों की भी प्रदर्शनी लगाई गई है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मेले का भ्रमण करते हुए पारंपरिक कृषि गतिविधियों में भी भाग लिया। उन्होंने चक्की चलाकर अनाज पीसा और दूध बिलोकर ग्रामीण जीवनशैली और किसानों की मेहनत को नजदीक से अनुभव किया। इस दौरान उन्होंने किसानों की समस्याएं सुनीं और केंद्र सरकार की विभिन्न कृषि योजनाओं की जानकारी भी दी। मेले के मैदान में पहाड़ की सीढ़ीनुमा खेती, बागवानी, पशुपालन और मत्स्य पालन के जीवंत मॉडल प्रदर्शित किए गए हैं।
Government Advertisement...
एक ओर जहां बदरी गाय के माध्यम से पहाड़ी पशुपालन को दर्शाया गया है, वहीं दूसरी ओर ट्राउट मछली पालन, कीवी उत्पादन और अन्य नवाचारों के मॉडल भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। इस तरह के मेलों से किसानों को नई जानकारी मिलती है और उनके उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने का अवसर भी मिलता है। राज्यस्तरीय कृषि मेला किसानों, कृषि विशेषज्ञों और आम जनता के लिए ज्ञान, नवाचार और परंपरा का एक महत्वपूर्ण मंच बनकर उभरा है।
वहीं दूसरी ओर चमोली जनपद के गौचर में आयोजित राज्यस्तरीय कृषि मेले के दौरान उस समय स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विभिन्न जनहित मुद्दों को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के चलते मौके पर मौजूद पुलिस प्रशासन को हस्तक्षेप करना पड़ा और कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने, जंगली जानवरों से ग्रामीण क्षेत्रों को सुरक्षित करने सहित अन्य मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।
जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार डिमरी के नेतृत्व में कार्यकर्ता शिव गंगा वेडिंग प्वाइंट पर एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए अपनी मांगें उठाईं। इसी दौरान गौचर में आयोजित कृषि मेले में केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही कड़ी थी। प्रदर्शन को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोक दिया। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने कई प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया।
हालांकि, बाद में माहौल शांत होने पर स्थिति नियंत्रण में आ गई और मेले की गतिविधियां सामान्य रूप से चलती रहीं। प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं। वहीं कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को अनावश्यक रूप से रोका गया। मामले को लेकर राजनीतिक माहौल गर्माया हुआ है।





