
देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में भाजपा युवा मोर्चा नेता पर कार से टक्कर मारकर हत्या और अपहरण की कोशिश की गई। आरोपियों ने पिस्टल तानकर धमकाया और जबरन कार में बैठाने का प्रयास किया, लेकिन युवक मौके से भाग निकला। पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
- देहरादून में सनसनी: कार से टक्कर मारकर नेता को उठाने की कोशिश
- पिस्टल तानकर धमकी, भाजपा युवा नेता पर हमला
- कैफे से लौटते समय घेरकर किया हमला, दीवार फांदकर बची जान
- पुरानी रंजिश में वारदात, कई आरोपियों पर केस दर्ज
देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र में भाजपा युवा मोर्चा के एक नेता पर न केवल जानलेवा हमला किया गया, बल्कि उसका अपहरण करने का भी प्रयास किया गया। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, नयागांव चंद्रबनी निवासी 26 वर्षीय हर्ष वालिया, जो भाजपा युवा मोर्चा के मंडल उपाध्यक्ष हैं, सोमवार शाम गौतम कुंड के पास स्थित एक कैफे से लौट रहे थे।
इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आई एक आई-20 कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े। आरोप है कि टक्कर के तुरंत बाद कार से उतरे युवकों ने हर्ष वालिया के सिर पर पिस्टल तान दी और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। इसी बीच दूसरी कार में सवार अन्य आरोपी भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने जबरन हर्ष को अपनी गाड़ी में बैठाकर ले जाने का प्रयास किया। पीड़ित के अनुसार, उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग घटनास्थल की ओर आने लगे।
मौके की स्थिति बिगड़ती देख आरोपी मारपीट करते हुए धमकियां देते रहे, लेकिन हर्ष वालिया किसी तरह पास की दीवार फांदकर वहां से भागने में सफल हो गए। इस दौरान उनकी बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और एक मकान की दीवार को भी नुकसान पहुंचा। हर्ष वालिया ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कुछ दिन पहले क्लेमनटाउन थाने में एक मामले को लेकर उनकी कुछ युवकों से कहासुनी हुई थी, जिसके बाद उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई थी। इस घटना को उसी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा है।
पीड़ित ने हार्दिक शर्मा, अभिषेक वर्मा, अभिनव काकरान और चेतन्य शर्मा समेत अन्य लोगों पर हमले का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एक संदिग्ध कार को कब्जे में ले लिया। पटेलनगर थाना प्रभारी के अनुसार, तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी और घटना के पीछे की पूरी साजिश का खुलासा किया जाएगा।





