- आदर्श संस्कार और अनुशासन से मिलती है जीवन को सही दिशा
- सफलता के लिए जरूरी है निरंतर सीखने और आगे बढ़ने की ललक
- जीवन की सार्थकता धन में नहीं, परोपकार और सेवा में है
- आलोचना छोड़ें, जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आएं
सुनील कुमार माथुर
जोधपुर, राजस्थान
जीवन में अनुशासन का अपना एक अलग ही महत्व है। यह आदर्श जीवनशैली है, जिससे हर कार्य आसानी से संपन्न हो जाते हैं। अनुशासन के बिना मानव जीवन पशु तुल्य है। अनुशासन हमें देशभक्ति का पाठ पढ़ाता है। इससे हमारे व्यक्तित्व में निखार आता है और अनुशासित व्यक्ति ही समाज को एक नई दशा व दिशा प्रदान कर सकता है। जीवन में जो व्यक्ति अनुशासन में रहता है, समझो उसने जीवन को सही ढंग से निर्वाह करना सीख लिया है। एक तरह से अनुशासन एक आदर्श जीवन जीने की कला है। व्यक्ति अनुशासन में तभी रह सकता है, जब वह आदर्श संस्कारों से ओतप्रोत हो। अतः संस्कारों व अनुशासन का चोली-दामन का साथ है। यही वजह है कि जहां अनुशासन है, वहीं आदर्श संस्कार हैं।
लेकिन आज आदर्श संस्कारों के अभाव के चलते कहीं भी अनुशासन दिखाई नहीं देता है। चूंकि हम पाश्चात्य संस्कृति के रंग में इतने रंग गए हैं कि माता-पिता को क्लबों से छुट्टी नहीं मिलती, तो भला वे क्या अपने बच्चों को संस्कार और अनुशासन का पाठ पढ़ाएंगे। शिक्षा के पावन मंदिर आज लूट-खसोट के केंद्र बन गए हैं। संचालकों को मात्र मोटी रकम फीस के बहाने चाहिए। आज स्कूलों में शारीरिक श्रम का अभाव है, चूंकि शारीरिक श्रम कराने वाले शिक्षकों का अभाव है। ऐसे में बच्चों को कौन आदर्श संस्कारों का ज्ञान कराएगा और कौन अनुशासन सिखाएगा? नतीजन आज का युवा वर्ग बात-बात में उग्र होकर तोड़फोड़, आगजनी, हिंसा करता है और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों में लिप्त होकर अपने ही राष्ट्र को हानि पहुंचा रहा है।
अनुशासन का अपना एक अलग ही महत्व है। अनुशासन में रहकर व्यक्ति सकारात्मक सोच रख सकता है और अपनी प्रतिभा को निखारकर घर-परिवार, समाज व राष्ट्रहित का कार्य कर सकता है। किसी भी निर्धारित लक्ष्य को हम तभी आसानी से हासिल कर सकते हैं, जब हम अनुशासन में रहकर कार्य करें। अनुशासित व्यक्ति के लिए कोई भी कार्य छोटा या मोटा नहीं होता है, अपितु वे हर कार्य को धैर्य के साथ व मन लगाकर करते हैं और किसी भी कार्य से जी नहीं चुराते हैं, अपितु हर कार्य को समय-सीमा में ही कुशलता के साथ कर अपनी मंजिल को हासिल करते हैं।
अनुशासन में रहकर जो व्यक्ति कार्य करता है, सफलता उसके कदम अवश्य ही चूमती है। इतना ही नहीं, ऐसे व्यक्ति सबको धैर्य के साथ सुनते हैं और फिर उनकी राय व सुझावों पर चिंतन-मनन कर जो सही हो, उस पर कार्य करते हुए आगे बढ़ते हैं। ऐसे व्यक्ति सदैव कुछ न कुछ नया सीखते ही रहते हैं, चूंकि सीखने की कोई उम्र नहीं होती है। आपको जब कोई चीज अच्छी लगी, प्रेरणादायक व ज्ञानवर्धक लगी, तत्काल सीख लीजिए। चूंकि ज्ञान एवं शिक्षा ऐसी चीजें हैं, जो बांटने से हमेशा बढ़ती ही हैं। अगर आप अपने ज्ञान व हुनर से किसी को लाभान्वित करते हैं, तो सामने वाला भी बेहिचक अपने ज्ञान व हुनर से आपको लाभान्वित करेगा और इस प्रकार ज्ञान के आदान-प्रदान से ही व्यक्ति के व्यक्तित्व में निखार आता है और उसका समाज में मान-सम्मान व यश एवं प्रतिष्ठा बढ़ती है। उसके अनुभव का लाभ हर कोई लेना चाहता है।
अगर कोई आपसे आयु व पद में छोटा है, लेकिन अनुभवी है, ज्ञानवान है, तो आप उसे छोटा न समझें, उसकी उपेक्षा न करें, अपितु बिना लाज-शर्म के उसके अनुभव का लाभ लीजिए और जीवन में आत्मसात कीजिए। तभी आपका व्यक्तित्व निखर पाएगा। जीवन में कई अवसर ऐसे आते हैं कि जब आप कुछ नया सीखना चाहते हैं, लेकिन आपकी आर्थिक स्थिति इसमें बाधक बन जाती है। आपको कोई निःशुल्क सिखाने वाला नहीं मिलता है, तो कभी ऐसा भी समय आता है कि कोई आपको निःशुल्क सिखाने को भी तैयार है, लेकिन आपके पास स्वयं का साधन नहीं है। लेकिन दुख तब होता है, जब आपके पास समय भी है, सीखने के लिए साधन भी हैं और आपको निःशुल्क सिखाने वाला भी है, लेकिन आप सीखना नहीं चाहते हैं, चूंकि जब आपकी आदत ही ऐसी पड़ गई है कि आप हर किसी के आगे गिड़गिड़ाकर अपना काम निकाल लेते हैं। आपकी यही प्रवृत्ति आपके पैरों पर अपनी ही कुल्हाड़ी मार रही है।
जब तक आपमें सीखने की ललक नहीं होगी, तब तक आप प्रगति के पथ पर आगे नहीं बढ़ सकते और सफलता को हासिल नहीं कर सकते। आज का युग नवीन तकनीकी का युग है, इसलिए व्यक्ति को हर वक्त कुछ न कुछ सीखते रहना चाहिए। न जाने कब कौन-सा ज्ञान कहां काम आ जाए। जीवन में वे लोग ही आगे बढ़ते हैं, जिनमें अनुशासन होता है और हर वक्त कुछ नया सीखने के लिए वे तैयार रहते हैं। जिस व्यक्ति ने यह बात गांठ बांध ली, समझो वह जीवन में सदैव सफलता पाते हुए आगे बढ़ता ही जाएगा एवं हर बार सफलता उसके कदम चूमती रहेगी।
जीवन बड़ा ही अनमोल है
जीवन बड़ा ही अमूल्य है और इसे व्यर्थ की बातों में न गंवाएं, अपितु जीवन में जो भी कार्य करना है, उसे नई ऊर्जा के साथ आरंभ करें। नई ऊर्जा और उमंग के साथ आगे बढ़ना चाहिए, तभी सफलता हासिल होगी। कभी भी भाग्य के भरोसे न बैठें। अपना कार्य अपने को ही करना है, तो फिर देर किस बात की? हिम्मत जुटाकर आगे बढ़ें। जो अपने आप पर विश्वास रखता है, वह अपने मिशन में कभी भी विफल नहीं होता है, चूंकि कर्म करते रहना ही इंसान का मूल धर्म है। अतः जो भी करें, वह सोच-समझकर करें और पूरे विश्वास के साथ करें। जीवन को संवारने का मतलब यह नहीं है कि हम अच्छे-अच्छे कपड़े पहनें, इत्र लगाएं, आलीशान बंगले में रहें, अच्छे वाहनों में घूमें-फिरें व अच्छे होटलों में जश्न मनाएं और खाना खाएं। जीवन को संवारने से तात्पर्य यह है कि अपना कार्य आप करें और अपनी प्रतिभा को निखारें तथा अपने हुनर से समाज व राष्ट्र का कल्याण करें। अपनी प्रतिभा को किसी से भी कम न आंकें।
हर व्यक्ति प्रतिभावान होता है, बस जरूरत है तो उसे समय रहते अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर दीजिए। याद रखिए कि गया समय वापस नहीं आता है, तो फिर समय बर्बाद करने से क्या लाभ? व्यक्ति की प्रतिभा को सदैव निखारने में सहयोग कीजिए। हर व्यक्ति महान नहीं बनता है, चूंकि महानता को पाने के लिए महान कृत्य करने पड़ते हैं। लेकिन इतना तो हर कोई इंसान कर सकता है कि वह अपनी शक्ति को राष्ट्रहित के कार्यों में लगाए और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़े तथा अपनी प्रतिभा से समाज व राष्ट्र का उत्थान कर सके।
हमें अपनी शक्ति को पहचानकर उसे परोपकार के कार्य में लगाना चाहिए। जो अपना समय परोपकार के कार्य में लगाता है, वही महान व्यक्ति कहलाता है। परोपकारी बनने के लिए केवल धन ही महत्वपूर्ण नहीं है। आप तन-मन-धन किसी भी रूप में राष्ट्र का भला कर सकते हैं। किसी जरूरतमंद को कपड़े-लत्ते देकर, भोजन कराकर, बच्चों को खाद्य सामग्री वितरित करके, पाठ्य पुस्तकें व कॉपियां वितरित करके, रोगी का उपचार कराकर, रक्तदान करके किसी का जीवन बचा सकते हैं। दुर्घटनाग्रस्त व्यक्ति को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उसको मौत के मुंह में जाने से बचा सकते हैं।
परोपकार के कार्यों की सूची काफी लंबी है, बस आप तो अपनी सामर्थ्य के अनुसार कार्य कीजिए। कोई कार्य छोटा नहीं होता है। अपनी-अपनी जगह सभी कार्यों का महत्व है। जो वक्त पर सही समय पर सही कार्य कर देता है, वही महान कहलाता है। बस जरूरत है तो पहल करने की और वह पहल हमें अपने से ही करनी होगी। अतः नई ऊर्जा के साथ सुचारू रूप से अपना कर्म करते रहना चाहिए, लेकिन साथ ही साथ धर्म-कर्म भी करते रहना चाहिए। अगर कोई व्यक्ति, संस्था या संगठन ने किसी जरूरतमंद की मदद करके समाचार पत्रों में उसका प्रचार-प्रसार किया, तो आपको जलन क्यों? आपने क्या किया? आपसे तो भले वे ही लोग हैं, जिन्होंने जरूरतमंद लोगों की मदद के बारे में सोचा और फिर मदद कर समाज को भी इसी तरह आगे आने के लिए प्रेरित तो किया है।
किसी की आलोचना करने से पहले यह सोचें कि आपने दूसरों के लिए क्या किया। जो लोग जनहित के कार्यों में लगे हुए हैं, उन्हें सदैव प्रोत्साहन दीजिए, न कि खामियां निकालने का प्रयास करें। अपितु उनके साथ मिलकर उन्हें सहयोग कीजिए। आपका तनिक-सा सहयोग भी किसी का जीवन बदलकर उसे संवार सकता है। हमेशा मददगार बनें, न कि किसी की आलोचना करें। आप जो भी करें, वह निस्वार्थ भाव से करें, फिर देखिए कैसे आपको अपार खुशी होती है।
अनुशासन का महत्व, संस्कार और अनुशासन, सफल जीवन के उपाय, जीवन में सकारात्मक सोच, निरंतर सीखने का महत्व, परोपकार का महत्व, समाजसेवा और राष्ट्रहित, जीवन में आत्मविश्वास, समय का सदुपयोग, सुनील कुमार माथुर


