ऋषिकेश में गंगा राफ्टिंग शुरू करने की तैयारियां तेज हो गई हैं और पर्यटन विभाग की संयुक्त टीम ने मरीन ड्राइव से निम बीच तक जलस्तर व रैपिड्स की रेकी की। निरीक्षण में गंगा का जलस्तर राफ्टिंग के अनुकूल पाया गया है और परमिट-लाइसेंस प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द आधिकारिक तारीख घोषित की जाएगी। शुरुआत में ब्रह्मपुरी और शिवपुरी के रूट खोले जाएंगे, जबकि जलस्तर के अनुसार लंबे रूट चरणबद्ध तरीके से शुरू किए जाएंगे।
- गंगा में फिर गूंजेगी राफ्टिंग की रफ्तार
- मरीन ड्राइव से निम बीच तक राफ्टिंग रूट की रेकी
- ऋषिकेश में साहसिक पर्यटन को जल्द मिलेगी रफ्तार
- जलस्तर अनुकूल, जल्द शुरू होगी गंगा राफ्टिंग
ऋषिकेश। गंगा में राफ्टिंग के रोमांच का इंतजार कर रहे पर्यटकों के लिए जल्द अच्छी खबर आने वाली है। मानसून के बाद ऋषिकेश में राफ्टिंग संचालन शुरू करने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद, साहसिक खेल विभाग और राफ्टिंग कारोबारियों की संयुक्त टीम ने रविवार को मरीन ड्राइव से निम बीच तक गंगा के जलस्तर, रैपिड्स और विभिन्न राफ्टिंग रूटों की रेकी की।
रेकी के दौरान गंगा का जलस्तर राफ्टिंग के अनुकूल पाया गया। पर्यटन विभाग के विशेषज्ञों ने दोपहर करीब 12 बजे मरीन ड्राइव से निम बीच तक गंगा किनारे स्थित प्रमुख प्वाइंट्स और रैपिड्स का निरीक्षण किया। हर वर्ष राफ्टिंग सीजन शुरू करने से पहले गंगा के जलस्तर और रैपिड्स की स्थिति का आकलन किया जाता है, ताकि पर्यटकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रूट निर्धारित किए जा सकें।
विभाग की ओर से बताया गया है कि राफ्टिंग संचालन की आधिकारिक तारीख जल्द घोषित की जाएगी। इसके लिए राफ्टिंग संचालकों के परमिट और लाइसेंस के नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। निर्धारित औपचारिकताएं पूरी होने के बाद संचालन शुरू करने की तिथि स्पष्ट की जाएगी।
चरणबद्ध तरीके से खुलेंगे राफ्टिंग रूट
पर्यटकों की सुरक्षा और गंगा के जलस्तर को ध्यान में रखते हुए राफ्टिंग रूट चरणबद्ध तरीके से खोले जाएंगे। शुरुआती चरण में ब्रह्मपुरी से ऋषिकेश तक करीब नौ किलोमीटर और शिवपुरी से ऋषिकेश तक करीब 16 किलोमीटर लंबे रूट पर राफ्टिंग की अनुमति दिए जाने की व्यवस्था है।
गंगा का जलस्तर और परिस्थितियां अनुकूल रहने पर बाद में मरीन ड्राइव और कौडियाला से ऋषिकेश तक के लंबे रूट भी चरणबद्ध तरीके से खोले जाएंगे। इस प्रक्रिया का उद्देश्य राफ्टिंग गतिविधियों को सुरक्षित तरीके से दोबारा शुरू करना है।
साहसिक पर्यटन कारोबार को मिलेगी गति
मानसून के कारण ऋषिकेश में राफ्टिंग समेत कई साहसिक पर्यटन गतिविधियां प्रभावित रहती हैं। अब मौसम और नदी की परिस्थितियों के अनुकूल होने के साथ इन गतिविधियों को धीरे-धीरे शुरू किया जा रहा है। कुछ दिन पहले मोहन चट्टी क्षेत्र में बंजी जंपिंग भी शुरू हो चुकी है। ऐसे में राफ्टिंग शुरू होने के बाद ऋषिकेश के साहसिक पर्यटन कारोबार में भी गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद है। ऋषिकेश का राफ्टिंग कारोबार केवल राफ्टिंग संचालकों तक सीमित नहीं है।
इससे टैक्सी और यूटिलिटी वाहन चालक, एजेंट, ट्रैवल एजेंसी संचालक और अन्य स्थानीय कारोबारी भी जुड़े हुए हैं। राफ्टिंग सीजन शुरू होने से इनसे जुड़े लोगों को भी रोजगार और काम मिलने की संभावना है। जिला पर्यटन अधिकारी टिहरी गढ़वाल सोबत सिंह राणा के अनुसार, गंगा नदी का जलस्तर अब राफ्टिंग के लिए अनुकूल है। विभाग की ओर से हरी झंडी मिलने के बाद अगले कुछ दिनों में राफ्टिंग संचालन शुरू किया जा सकता है।

