
यह आलेख जीवन में संगत, सकारात्मक सोच और ईश्वर भक्ति के महत्व को सरल शब्दों में प्रस्तुत करता है। लेखक ने अच्छे मित्रों के चयन, व्यवहार की शुद्धता और आध्यात्मिक जीवन के माध्यम से सुखी एवं संतुलित जीवन जीने का संदेश दिया है।
- अच्छी संगत से बदलती है जिंदगी
- मित्रता, श्रद्धा और जीवन का सत्य
- सकारात्मक सोच और सुखी जीवन
- ईश्वर स्मरण से मिलता है आत्मिक सुख
सुनील कुमार माथुर
जोधपुर, राजस्थान
संगत का असर जीवन में अवश्य ही पड़ता है। इसलिए हमेशा अच्छे लोगों की संगत कीजिए। जीवन में जब मित्र अच्छे होंगे तो जीवन की बगिया में खुशबू ही खुशबू होगी, और मित्र ऐसा हो जो अय्याश हो, शराबी हो, जुआरी हो तो जीवन नर्क बन जाता है। परिवार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है और सुख-चैन सब कुछ छिन जाता है। इसलिए सोच-समझ कर दोस्त बनाएं। भले ही अच्छे दोस्तों की संख्या कम ही क्यों न हो। आप देखिए, संगत बदलते ही सोच बदल जाएगी।
सोच बदलो, जिंदगी बदल जाएगी। बुरी संगत की मिठास बस पल भर की होती है मगर उसका जहर जिंदगी भर रहता है। इसलिए दोस्ती करते समय व्यक्ति के व्यवहार, उसके आचरण, उसकी बोली आदि का ध्यान रखें और फिर दोस्ती का हाथ बढ़ाएं, अन्यथा गलत दोस्तों के कारण जीवन भर पछताना पड़ेगा। इस नश्वर संसार में दोस्त, रिश्तेदारों व पड़ोसियों सबको आजमा कर देख लीजिए। अगर तुम्हारे पास पैसा और कामयाबी नहीं है तो तुम्हारा साथ देने वाला कोई नहीं मिलेगा।
कहते हैं कि हृदय की पीड़ा ईश्वर को ज्ञात होती है, लोगों के लिए तो वैसे भी सब मजाक है। किसी महापुरुष ने बहुत ही सुंदर बात कही है कि हम कुछ भी न बोलें फिर भी वह सुन ले, उसी का नाम परमात्मा है और जो कुछ भी न बोले फिर भी हम सुन लें, उसी का नाम श्रद्धा है। यह जीवन तो दर्पण की तरह है। यदि इसे देखकर हम मुस्कुराएंगे तो हमारा जीवन भी मुस्कुराएगा। परमात्मा को याद करने का सरल तरीका है सभी को राम-राम कहना, जय श्रीकृष्ण कहना, राधे-राधे बोलना।
आप घर की साफ-सफाई करते हुए, भोजन पकाते हुए, स्नान करते हुए, कपड़े धोते हुए भी ईश्वर के नाम का स्मरण कर सकते हैं। अलग से समय निकालने की जरूरत नहीं है। अगर आपके पास समय है तो एकाग्रचित्त होकर ध्यान कीजिए, पूजा-अर्चना कीजिए, धार्मिक पुस्तकें पढ़िए। फिर देखिए, आपके चेहरे की रौनक ही बदल जाएगी और आप ईश्वर भक्ति में लीन हो जाएंगे तथा क्रोध, अहंकार, लोभ और लालच जैसे अवगुणों से आपको मुक्ति मिल जाएगी एवं जीवन खुशहाल हो जाएगा।









Nice article