
हल्द्वानी के बरेली रोड क्षेत्र में मेडिकल पुलिस चौकी के पास नशे में धुत युवक ने अपने छोटे भाई की बेरहमी से हत्या कर दी। बीमारी और आर्थिक तंगी के कारण हुए विवाद में आरोपी ने स्टील के लोटे से पीट-पीटकर जान ले ली। पुलिस ने चार घंटे में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
- लीवर सिरोसिस से जूझ रहा था मृतक, घर में ही पीट-पीटकर हत्या
- देसी रिवॉल्वर दिखाकर परिजनों को धमकाता रहा आरोपी
- चार घंटे में आरोपी गिरफ्तार, हथियार और कारतूस बरामद
- हत्यारोपी का आपराधिक इतिहास, पहले भी कर चुका है हत्या
हल्द्वानी। हल्द्वानी में मंगलवार देर रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां मेडिकल पुलिस चौकी से महज 150 मीटर की दूरी पर एक युवक ने शराब के नशे में अपने ही छोटे भाई की पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात इतनी निर्मम थी कि सुनकर पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। बरेली रोड स्थित राम मंदिर बगीचा निवासी सोनू जायसवाल (44) पिछले कुछ समय से लीवर सिरोसिस जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहा था। बीमारी के इलाज और आर्थिक तंगी के चलते परिवार पहले से तनाव में था।
इसी बीच मंगलवार देर रात उसका बड़ा भाई संदीप जायसवाल शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा और बिना किसी ठोस वजह के सोनू से मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि संदीप ने पहले गाली-गलौज की और फिर पास पड़ा स्टील का लोटा उठाकर सोनू के सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार किए। इसके बाद उसने सोनू को उठाकर बार-बार तख्त पर पटक दिया। जब घर में मौजूद मां, भाभी और अन्य परिजनों ने बीच-बचाव की कोशिश की तो संदीप ने देसी रिवॉल्वर दिखाकर सभी को जान से मारने की धमकी दी और उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया।
Government Advertisement...
घंटों चली इस बेरहमी भरी पिटाई के बाद सोनू बेहोश हो गया। बताया जा रहा है कि इसके बाद आरोपी ने पानी पिलाकर उसे होश में लाने की कोशिश की, लेकिन हालत बिगड़ती देख वह मौके से फरार हो गया। परिजनों ने पड़ोसियों और परिचितों की मदद से पुलिस को सूचना दी। 108 एंबुलेंस से सोनू को सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के भतीजे अंकित जायसवाल की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया। बुधवार को दो डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बुधवार तड़के आरोपी संदीप जायसवाल को बरेली रोड स्थित गांधी स्कूल गेट के पास से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास से 32 बोर की देसी रिवॉल्वर और दो कारतूस भी बरामद किए गए हैं। हत्या में प्रयुक्त स्टील का लोटा भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार संदीप जायसवाल पहले से ही आपराधिक प्रवृत्ति का है। उसके खिलाफ हत्या, जानलेवा हमला और धोखाधड़ी समेत कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2014 में वह एक कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर चुका है।
इसके अलावा मां के साथ मारपीट के मामले में भी वह जेल जा चुका है और एक साल से जमानत पर बाहर था। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है। उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच की जा रही है। यह घटना न सिर्फ नशे की भयावहता को उजागर करती है, बल्कि यह भी दिखाती है कि किस तरह अपराधी प्रवृत्ति के लोगों का खुलेआम घूमना समाज के लिए जानलेवा साबित हो सकता है।





