
रायपुर क्षेत्र में बुजुर्ग महिला से मंगलसूत्र लूट की घटना को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया। ब्लिंकिट में कार्यरत डिलीवरी ब्वाय को सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गिरफ्तार कर लूटा गया मंगलसूत्र बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने महंगे शौक पूरे करने के लिए वारदात को अंजाम देने की बात कबूली।
- महंगे शौक ने डिलीवरी ब्वाय को बनाया लुटेरा
- सीसीटीवी फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस
- लूट की योजना बनाकर अकेली महिलाओं की करता था रेकी
- रायपुर क्षेत्र में पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बढ़ा भरोसा
देहरादून। रायपुर क्षेत्र में बुजुर्ग महिला से मंगलसूत्र लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान सचिन निवासी ग्राम रसूलपुरकला, थाना फतेहपुर, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में जोगीवाला क्षेत्र में रहकर रिंग रोड स्थित ब्लिंकिट एजेंसी में डिलीवरी ब्वाय का कार्य करता था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 25 जनवरी को गणेश दत्त बहुगुणा निवासी नथुवावाला ढांग रायपुर ने थाना रायपुर में तहरीर दी थी।
उन्होंने बताया कि उनकी माताजी कुंती देवी प्रातः अपने रिश्तेदारों के यहां खैरी खादर की ओर पैदल जा रही थीं। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार एक युवक ने शिव मंदिर ढांग के पास अचानक झपट्टा मारकर उनके गले से मंगलसूत्र छीन लिया और मौके से फरार हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना रायपुर में तत्काल अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर थानाध्यक्ष रायपुर गिरीश नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच की, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान की गई। 26 जनवरी की शाम पुलिस ने आरोपी सचिन को बद्रीश कॉलोनी के पास जंगल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से बुजुर्ग महिला से छीना गया मंगलसूत्र भी बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह महंगे मोबाइल और अन्य शौक पूरे करने के लिए कर्ज में डूब गया था। जल्दी पैसा कमाने के लालच में उसने लूट की योजना बनाई और ब्लिंकिट की डिलीवरी के दौरान अकेली महिलाओं की रेकी करने लगा।
आरोपी ने बताया कि 25 जनवरी की सुबह काम पर जाते समय उसे नथुवावाला ढांग क्षेत्र में बुजुर्ग महिला अकेली जाती हुई दिखी, जिस पर उसने मौका देखकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से क्षेत्रवासियों में राहत का माहौल है और लोगों ने पुलिस की कार्यशैली की सराहना की है। वहीं देहरादून में चोरी की अन्य घटनाओं में भी पुलिस को सफलता मिली है। पटेलनगर क्षेत्र में महंगे मोबाइल चोरी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर दो आईफोन बरामद किए गए हैं।
इसके अलावा नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र की डिफेंस कॉलोनी में घर से करीब ढाई लाख रुपये के गहने चोरी करने वाले आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से साफ है कि देहरादून पुलिस अपराधियों पर शिकंजा कसने में पूरी तरह सक्रिय है और अपराध पर अंकुश लगाने के लिए सख्त कदम उठा रही है।








