
पिथौरागढ़ के जीबी गांव में घर के आंगन में खेल रहे 10 वर्षीय बच्चे पर गुलदार ने हमला कर दिया। ग्रामीणों के शोर मचाने पर गुलदार बच्चे को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। घायल बच्चे को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
- गुलदार ने 10 वर्षीय प्रकाश बिष्ट पर किया हमला
- ग्रामीणों के शोर मचाने से गुलदार भागा
- बच्चे के सिर और चेहरे पर गहरे घाव
- जिला अस्पताल में चल रहा इलाज
- क्षेत्र में गुलदार की बढ़ती सक्रियता से दहशत
पिथौरागढ़। जिला मुख्यालय के नजदीकी जीबी गांव में मंगलवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब घर के आंगन में खेल रहे 10 वर्षीय प्रकाश बिष्ट पर गुलदार ने हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से परिवार और आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। मंगलवार सायं प्रकाश अपने घर के आंगन में खेल रहा था। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने उस पर झपट्टा मार दिया और बच्चे को दबोचकर जंगल की ओर भागने लगा।
बच्चे की चीख-पुकार सुनकर गांव के युवक मौके पर पहुंचे और जोर-जोर से हल्ला मचाया। ग्रामीणों के शोर और भीड़ को देखकर गुलदार घबरा गया और बच्चे को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। ग्रामीणों ने तत्काल घायल बच्चे को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। जिला अस्पताल में तैनात इमरजेंसी चिकित्सक डॉ. अमन आलम ने बताया कि बच्चे के सिर, चेहरे और मुंह के आसपास गहरे घाव हैं।
फिलहाल उसकी हालत स्थिर है और डॉक्टरों की निगरानी में उपचार चल रहा है। बच्चे के पिता मानसिंह और माता क्षेत्र में मजदूरी करते हैं। यह परिवार मूल रूप से नेपाल का रहने वाला है। प्रकाश सातसीलिंग प्राइमरी स्कूल में कक्षा तीन का छात्र है।
🌲 वन विभाग मौके पर, इलाके में दहशत
घटना की सूचना मिलते ही वन दरोगा कैलाश ग्वासीकोटी, वन बीट अधिकारी किरन नगरकोटी और मनोज ज्याला जिला अस्पताल पहुंचे और बच्चे का हाल जाना। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। वन विभाग के अनुसार नगर और आसपास के क्षेत्रों में दो गुलदार लगातार सक्रिय हैं। बीते रविवार को भी गुलदार घनी आबादी वाले खड़ककोट क्षेत्र में घुस आया था, जिसे वन विभाग की टीम ने तत्परता दिखाते हुए ट्रैंकुलाइज कर आबादी से बाहर निकाला था।








