फगवाड़ा (पंजाब) | फगवाड़ा शहर में गुरुवार देर रात साइबर क्राइम ब्रांच ने एक होटल पर छापा मारकर बड़ी कार्रवाई की। पलाही रोड पर स्थित होटल ताज विला में रात करीब साढ़े नौ बजे पुलिस टीम पहुंची और घंटों तक यहां जांच-पड़ताल करती रही। शुक्रवार सुबह तक चले इस अभियान में पुलिस ने होटल से करीब 40 लोगों को हिरासत में लिया, जिनमें महिलाएं भी शामिल बताई जा रही हैं।
पूरी रात चली जांच
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छापेमारी शुरू होने के बाद होटल के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया था। किसी को भी अंदर जाने या बाहर निकलने की अनुमति नहीं थी। पुलिस अधिकारियों ने होटल के हर कमरे की तलाशी ली और वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की। बताया जा रहा है कि कई लोगों के मोबाइल फोन और लैपटॉप भी मौके पर जब्त किए गए हैं।
रिकॉर्ड और फर्नीचर जब्त
पुलिस ने होटल से मिले सभी दस्तावेज़, कंप्यूटर रिकार्ड और अन्य डिजिटल उपकरण अपने कब्जे में ले लिए हैं। आश्चर्यजनक रूप से, पुलिस ने होटल के फर्नीचर तक जब्त कर अपने साथ ले गई। इस कदम से इलाके में तरह-तरह की चर्चाएँ तेज हो गई हैं।
Government Advertisement...
सुबह हिरासत में लिए गए लोग
शुक्रवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे तक कार्रवाई चलती रही। इसके बाद पुलिस ने होटल से बाहर निकलते हुए लगभग 40 लोगों को हिरासत में ले लिया और उन्हें अपने साथ ले गई। हिरासत में लिए गए लोगों को किस मामले में पकड़ा गया है, इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
पुलिस ने चुप्पी साधी
इस छापेमारी को लेकर स्थानीय लोगों और मीडिया में कई सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, अब तक कोई भी पुलिस अधिकारी मामले पर बयान देने को तैयार नहीं है। सिर्फ इतना बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई साइबर क्राइम से जुड़े मामले के तहत की गई है।
इलाके में चर्चा
फगवाड़ा जैसे अपेक्षाकृत शांत माने जाने वाले शहर में देर रात हुई इस कार्रवाई ने लोगों को चौंका दिया है। होटल ताज विला लंबे समय से युवाओं और पर्यटकों के ठहरने का लोकप्रिय स्थान माना जाता रहा है। अब पुलिस की इस कार्रवाई ने होटल की छवि पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल पूरे मामले पर पुलिस का आधिकारिक बयान आने का इंतजार है। यह देखना दिलचस्प होगा कि हिरासत में लिए गए लोगों के खिलाफ किस प्रकार की कार्रवाई होती है और होटल प्रबंधन की भूमिका को लेकर पुलिस की जांच किस दिशा में आगे बढ़ती है।







