
सहारनपुर। सहारनपुर पुलिस ने रविवार देर रात ऑपरेशन सवेरा के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। कुतुबशेर थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच फिल्मी अंदाज में मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में दो कुख्यात तस्कर पुलिस की गोली से घायल हो गए और गिरफ्तार कर लिए गए। उनके पास से करीब 50 लाख रुपये की 502 ग्राम स्मैक, अवैध हथियार और एक बाइक बरामद हुई है।
घटना कैसे हुई
थाना कुतुबशेर प्रभारी निरीक्षक एचएन सिंह अपनी टीम के साथ मानकमऊ से थरौली मार्ग पर देर रात चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान सहारनपुर की ओर से एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों ने रुकने के बजाय पुलिस पर गोली चला दी।
गोलीबारी के बीच बदमाश भाग निकले। पुलिस ने पीछा किया और घेराबंदी की। भागते समय बदमाशों की बाइक फिसल गई, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने पुलिस पर फिर से फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और वे घायल हो गए। तुरंत ही उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
Government Advertisement...
पकड़े गए बदमाश और बरामदगी
गिरफ्तार बदमाशों की पहचान आसिफ निवासी मोहल्ला ढोलीखाल और साजिद निवासी मोहल्ला सिराजान थाना कुतुबशेर के रूप में हुई है। इनके पास से पुलिस ने 502 ग्राम स्मैक, दो तमंचे, चार कारतूस और एक बाइक बरामद की। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई जा रही है।
टॉप-10 अपराधियों की लिस्ट में नाम
दोनों आरोपी लंबे समय से नशा तस्करी और अन्य अपराधिक गतिविधियों में सक्रिय थे। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आसिफ के खिलाफ 23 मुकदमे और साजिद पर 12 मुकदमे दर्ज हैं। दोनों थाना कुतुबशेर क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर और टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल थे। वे दूसरे राज्यों से स्मैक लाकर सहारनपुर समेत हरियाणा और उत्तराखंड के जिलों में सप्लाई करते थे।
पुलिस की बड़ी कामयाबी
एसएसपी ने बताया कि ऑपरेशन सवेरा के तहत जिले में नशा तस्करों और अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इनकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी सफलता है, क्योंकि दोनों बदमाश लंबे समय से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहे थे।







