
कानपुर। हरदोई जिले के माधौगंज थाना क्षेत्र में छात्रा से अभद्र टिप्पणी करने और उसका पीछा करते हुए गांव तक पहुंचने वाले दो युवकों को ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़ लिया। शुक्रवार को वायरल हुए वीडियो में दिखा कि किस तरह गांव वालों ने न सिर्फ दोनों युवकों को जमकर फटकार लगाई, बल्कि सजा के तौर पर उनके बाल भी काट दिए। घटना के सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों पक्षों पर कार्रवाई की है।
घटना 17 नवंबर की है, जब इंटर कॉलेज में पढ़ने वाली 17 वर्षीय छात्रा स्कूल से साइकिल से अपने घर वापस लौट रही थी। रास्ते में बाइक से आए दो युवकों ने उस पर फब्तियां कसीं और लगातार उसका पीछा करते हुए उसके गांव तक पहुंच गए। छात्रा ने जैसे ही घर पहुंचकर अपने चाचा को पूरी बात बताई, ग्रामीण तुरंत इकट्ठा हो गए और दोनों युवकों को पकड़ लिया। गांव में जमा हुई भीड़ ने पहले उन्हें डांटा-फटकारा, फिर मारपीट करते हुए बाल काट दिए। इसी दौरान मौके पर मौजूद कई लोगों ने इसका वीडियो बना लिया, जो बाद में तेजी से सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
इसी बीच एक अन्य मामले की विवेचना के सिलसिले में वहां से गुजर रहे माधौगंज थाने के उपनिरीक्षक शुभम सिंह ने विवाद देखकर तुरंत हस्तक्षेप किया। उन्होंने दोनों युवकों को हिरासत में लिया और छात्रा से छेड़छाड़ व पीछा करने से जुड़ी धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली। पकड़े गए युवकों की पहचान बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के नीची मगरौली गांव निवासी संजय और रवि के रूप में हुई है।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने ग्रामीणों द्वारा की गई कार्रवाई को भी कानून विरुद्ध माना। बाल काटने और मारपीट करने में शामिल पांच ग्रामीणों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने इनमें से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक व्यक्ति की तलाश जारी है। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा है कि किसी भी परिस्थिति में कानून अपने हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जा सकती और सभी पर नियम के मुताबिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अब पूरे प्रकरण की जांच कर रही है और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को भी महत्वपूर्ण साक्ष्य मानते हुए आवश्यक कदम उठा रही है। घटना ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और सामाजिक जागरूकता को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।







