
उत्तराखंड में मौसम ने अचानक करवट लेते हुए पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में बारिश शुरू कर दी है। केदारनाथ, गंगोत्री, मसूरी और चकराता सहित कई इलाकों में ठंड बढ़ गई है, जबकि मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
- केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में बर्फबारी से गिरा तापमान
- मसूरी-धनौल्टी में सीजन की पहली बर्फ, सैलानियों में उत्साह
- चकराता की पहाड़ियां सफेद चादर में ढकीं, ठंड में इजाफा
- मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट, 28 जनवरी तक बिगड़ा रहेगा मौसम
देहरादून। उत्तराखंड में आखिरकार लंबे इंतजार के बाद मौसम का मिजाज बदल गया है। राजधानी देहरादून सहित प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में शुक्रवार सुबह से बारिश का सिलसिला जारी है, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी ने ठंड को और बढ़ा दिया है। निचले इलाकों में बूंदाबांदी और हल्की बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। प्रदेश के ऊंचाई वाले धार्मिक और पर्यटन क्षेत्रों—केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री—में हल्की से मध्यम बर्फबारी दर्ज की गई है।
उत्तरकाशी जनपद के हर्षिल, खरसाली और आसपास के क्षेत्रों में भी बर्फ गिरने से तापमान में तेज गिरावट आई है। बर्फबारी के साथ ही पहाड़ों में शीतलहर का असर बढ़ गया है। पहाड़ों की रानी मसूरी में लालटिब्बा क्षेत्र में हल्की बर्फबारी शुरू हो गई है। लंबे समय बाद बर्फबारी देखने को मिलने से स्थानीय लोगों और पर्यटकों में खासा उत्साह है। वहीं धनौल्टी में बसंत पंचमी के साथ सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई, जिससे पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों के चेहरे खिल उठे हैं।
Government Advertisement...
नई टिहरी और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी के साथ बादल छाए हुए हैं। रुद्रप्रयाग जिले में भी मौसम ने अचानक करवट ली है। मौसम विभाग ने जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 2300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है, जबकि अन्य जिलों में ओलावृष्टि, बिजली चमकने और 40–50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम विभाग का अनुमान है कि 28 जनवरी तक प्रदेशभर में मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रह सकता है। इस बदलाव से जहां ठंड बढ़ी है, वहीं किसानों, पर्यटन कारोबारियों और बर्फबारी का इंतजार कर रहे लोगों के लिए यह मौसम उम्मीद और राहत लेकर आया है।
चकराता की ऊंची चोटियों पर बर्फ
चकराता क्षेत्र की ऊंची पहाड़ियों—लोखंडी, आसमाड़, खड़म्बा, देवबन, मशक, कोटी कंसार और मुंडोई—में साल की पहली बर्फबारी की फुहारें गिरनी शुरू हो गई हैं। पूरे क्षेत्र में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और ठंड बढ़ गई है।





