
🌟🌟🌟
मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने उत्तराखंड में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई और सभी प्रोजेक्ट्स में तेजी लाने, समयबद्ध कार्य पूर्ण करने और जिम्मेदार अधिकारियों पर प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए। उन्होंने वन, पर्यावरण और जलवायु मंत्रालय के साथ नियमित फॉलोअप करने पर भी बल दिया।
- पिथौरागढ़-बागेश्वर और काठगोदाम-नैनीताल राष्ट्रीय राजमार्ग पर लापरवाही पर जिम्मेदारों को चेतावनी
- सभी एनएच परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश, वन कटान और पर्यावरण स्वीकृतियों पर विशेष ध्यान
- जिलाधिकारी की अध्यक्षता में पेंडिंग प्रोजेक्ट्स की नियमित समीक्षा बैठक अनिवार्य
- देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे और अन्य गतिमान परियोजनाओं में समयबद्ध कार्य पूर्ण करने पर जोर
देहरादून | उत्तराखंड में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए शुक्रवार को सचिवालय में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने की, जिसमें उन्होंने विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की धीमी गति से हो रही प्रगति पर गहरी नाराजगी व्यक्त की।
मुख्य सचिव ने विशेष रूप से 2022-23 में स्वीकृत पिथौरागढ़-बागेश्वर एनएच 309 ए राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण प्रस्ताव अभी तक भारत सरकार को ना भेजे जाने पर नाराजगी जताई और जिम्मेदार अधिकारियों को प्रतिकूल प्रविष्टि दिए जाने के निर्देश दिए। इसके अलावा, मार्च 2024 में स्वीकृत काठगोदाम-नैनीताल राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण हेतु वन और वन्यजीव स्वीकृतियों के लिए डेटा अपलोड में लापरवाही पर अधिशासी अभियंता को विशेष प्रतिकूल प्रविष्टि देने के निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने सभी परियोजनाओं की विभिन्न स्तरों पर नियमित निगरानी करने और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने जिलाधिकारी की अध्यक्षता में पेंडिंग प्रोजेक्ट्स की समीक्षा बैठकों को नियमित रूप से आयोजित करने और सभी विभागों से समस्याओं और मुद्दों को प्रमुखता से स्पष्ट करने को कहा।
बैठक में मुख्य सचिव ने विभिन्न सड़कों की 3(जी) और 3(डी) कार्यवाहियों में तेजी लाने पर जोर दिया। उन्होंने पेड़ कटान और छपान कार्यवाही में हो रही देरी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए 31 दिसंबर तक कार्यवाही शुरू करने के स्पष्ट निर्देश दिए। साथ ही, पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय से नियमित संपर्क बनाए रखने और प्रोजेक्ट्स का फॉलोअप सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।
इसके अतिरिक्त, मुख्य सचिव ने गतिमान परियोजनाओं में भी तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने एनएचएआई के कोटद्वार बाईपास, झाझरा-आशारोड़ी, हरिद्वार-नजीबाबाद और देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सभी परियोजनाओं में निर्धारित समय में कार्य पूर्ण करने के लिए समन्वित प्रयास जरूरी हैं।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव श्री आर.के. सुधांशु, सचिव डॉ. पंकज कुमार पाण्डेय, श्री सी. रवि शंकर, अपर सचिव श्री विनीत कुमार एवं पीसीसीएफ श्री एस.पी. सुबुद्धि सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में मुख्य सचिव ने अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि सभी परियोजनाओं में समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित की जाए और किसी भी देरी की स्थिति में जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।





