
हरिद्वार | समान नागरिक संहिता (UCC) लागू होने के बाद उत्तराखंड में सामाजिक और कानूनी ढांचे में तेजी से बदलाव देखने को मिल रहा है। हरिद्वार जिले में जहां अब तक 90 हजार से अधिक विवाह पंजीकरण पूरे किए जा चुके हैं, वहीं लिव-इन रिलेशनशिप के तहत आवेदन करने वाले 40 जोड़ों में से 22 को अनुमति नहीं मिल पाई है। जिला पंचायत राज अधिकारी एवं यूसीसी पोर्टल के नोडल अधिकारी अतुल प्रताप सिंह ने जानकारी दी कि कुल 40 जोड़ों ने ऑनलाइन आवेदन कर लिव-इन में साथ रहने की अनुमति मांगी थी।
इनमें से 12 जोड़ों का पंजीकरण सफलतापूर्वक पूरा कर उन्हें साथ रहने की अनुमति दे दी गई, जबकि 22 आवेदन आवश्यक अभिलेखों की कमी या अधूरी जानकारी के कारण निरस्त कर दिए गए।
बाकी छह आवेदनों पर जांच और सत्यापन की प्रक्रिया अभी जारी है। इन अस्वीकृत आवेदनों को लेकर विभागीय अधिकारियों ने बताया कि कई मामलों में पहचान प्रमाण, आयु प्रमाण पत्र या पारिवारिक सहमति जैसी जरूरी औपचारिकताएं पूरी नहीं की गई थीं।
गाजीवाली पंचायत ने बनाया राज्यस्तरीय रिकॉर्ड
हरिद्वार जिले के बहादराबाद ब्लॉक की ग्राम पंचायत गाजीवाली ने यूसीसी के तहत एक मिसाल कायम की है। पंचायत ने 26 मार्च 2010 के बाद विवाह करने वाले सभी 201 व्यक्तियों का शत प्रतिशत पंजीकरण कर लिया है। इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और डीपीआरओ अतुल प्रताप सिंह ने ग्राम प्रधान देवेंद्र सिंह नेगी, ग्राम पंचायत विकास अधिकारी अनुज कुमार, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं को बधाई दी।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि 9 नवंबर तक प्रत्येक विकास खंड में कम से कम पांच ग्राम पंचायतों को शत प्रतिशत पंजीकरण का लक्ष्य पूरा करना होगा। इसके साथ ही 31 दिसंबर से पहले पूरे जनपद के सभी पात्र लोगों का पंजीकरण पूर्ण करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
विवाह पंजीकरण के आंकड़े
यूसीसी पोर्टल पर 30 अक्तूबर तक हरिद्वार जिले में कुल 90,047 विवाह पंजीकरण किए जा चुके हैं। इनमें से शहरी निकायों द्वारा 27,631 और ग्रामीण क्षेत्रों में 62,416 पंजीकरण पूरे किए गए हैं।
| निकाय का नाम | विवाह पंजीकरण | 
|---|---|
| हरिद्वार | 7559 | 
| रुड़की | 8315 | 
| लक्सर | 1442 | 
| मंगलौर | 1803 | 
| शिवालिक नगर | 1446 | 
| भगवानपुर | 947 | 
| ढंडेरा | 907 | 
| ईमली खेड़ा | 671 | 
| झबरेड़ा | 431 | 
| लंढौरा | 428 | 
| पाड़ली गुज्जर | 689 | 
| पिरान कलियर | 818 | 
| रामपुर | 984 | 
| सुल्तानपुर | 1191 | 
अभियान तेज करने के निर्देश
डीएम ने सभी विकासखंडों में पंजीकरण शिविर लगाने के निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि नगर निकायों के प्रत्येक वार्ड और ग्राम पंचायतों में रोस्टर बनाकर पंजीकरण अभियान चलाया जाए ताकि कोई भी पात्र नागरिक वंचित न रह जाए। यूसीसी पोर्टल के माध्यम से विवाह और लिव-इन पंजीकरण की यह प्रक्रिया उत्तराखंड में सामाजिक पारदर्शिता और कानूनी जवाबदेही की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।
 
     
 
                       
                       
                       
                       
                      






