उत्तराखण्ड समाचार

तीन कांवड़ यात्रियों की मौत, टिहरी में खाड़ी के पास ट्रक दुर्घटनाग्रस्त

देहरादून। टिहरी जनपद के खाड़ी क्षेत्र के पास बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में तीन कांवड़ यात्रियों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। हादसे में घायल यात्रियों को प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए रेस्क्यू कर विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया है। जिलाधिकारी टिहरी द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह उस समय हुआ जब कांवड़ यात्रियों से भरा एक ट्रक खाड़ी से लगभग दो किलोमीटर आगे अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक में कुल 18 कांवड़ यात्री सवार थे। दुर्घटना होते ही क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से राहत एवं बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि हादसे में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। शेष घायलों को ट्रक से बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार हेतु तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से चार गंभीर रूप से घायल यात्रियों को एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है, जबकि अन्य को नरेंद्र नगर स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त ट्रक को भी सीधा कर यातायात बहाल कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने मृतक यात्रियों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। कांवड़ यात्रा के दौरान बढ़ते सड़क हादसों को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को और अधिक सख्त किए जाने की जरूरत पर भी बल दिया जा रहा है।


Devbhoomi Samachar

देवभूमि समाचार में इंटरनेट के माध्यम से पत्रकार और लेखकों की लेखनी को समाचार के रूप में जनता के सामने प्रकाशित एवं प्रसारित किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Verified by MonsterInsights