
चमोली। जनपद चमोली में 16 सितम्बर से 02 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा मनाया जाएगा। इस पखवाड़े का उद्देश्य स्वच्छता अभियान को जन आंदोलन का रूप देना और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुँचाना है। जिलाधिकारी संदीप तिवारी की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट एनआईसी के वीसी कक्ष में आयोजित बैठक में सेवा पखवाड़े को सफल बनाने के लिए सभी विभागों की जिम्मेदारियां तय की गईं।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने बताया कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती को दृष्टिगत रखते हुए सेवा पखवाड़े में विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके अंतर्गत जनपद में बहुउद्देशीय शिविर लगाए जाएंगे, जिनमें शासन की विभिन्न योजनाओं के स्टॉल स्थापित किए जाएंगे ताकि अधिक से अधिक लोग लाभान्वित हो सकें। इस दौरान स्वच्छता को विशेष महत्व दिया जाएगा और समाज के हर वर्ग को इससे जोड़ा जाएगा।
जिलाधिकारी ने नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को सभी वार्डों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान को केवल औपचारिकता न मानकर इसे जन आंदोलन का रूप दिया जाए। स्वास्थ्य सेवाओं को ध्यान में रखते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी को स्वास्थ्य शिविर लगाने और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता अभियान चलाने को कहा गया। इन शिविरों में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
समाज कल्याण अधिकारी को वृद्ध आश्रमों में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और वरिष्ठ नागरिकों की देखरेख की व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वन विभाग को ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम चलाने को कहा गया, जिससे पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण के महत्व के प्रति लोगों को जागरूक किया जा सके।शिक्षा विभाग को विद्यालयों में वाद-विवाद, निबंध लेखन, चित्रकला और रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही ‘फिट फॉर इंडिया’ अभियान के तहत जागरूकता रैली निकालने पर जोर दिया गया। पुलिस विभाग को कानूनी साक्षरता शिविर लगाने तथा पर्यटन विभाग को पर्यटन योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने कहा कि सेवा पखवाड़ा समाज के हर वर्ग को जोड़ने और सरकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने का सुनहरा अवसर है। उन्होंने सभी विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने और पखवाड़े को सफल एवं प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, परियोजना निदेशक आनंद सिंह, जिला विकास अधिकारी के.के. पंत, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता, मुख्य शिक्षा अधिकारी धर्म सिंह रावत सहित सभी विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।





