
यह लेख जीवन में संयम, विचारशीलता और रिश्तों के महत्व को रेखांकित करता है। लेखक बताते हैं कि आज की व्यस्त जीवनशैली में जो लोग अपना समय देकर हमारे सुख-दुख में साथ खड़े होते हैं, वे बहुत दुर्लभ होते हैं और उनका सम्मान करना चाहिए।
- रिश्तों में समय का महत्व
- जीवन में संयम और विचारशीलता की आवश्यकता
- सच्चे रिश्ते समय और त्याग से बनते हैं
- जो समय दे, वही सच्चा अपना
सुनील कुमार माथुर
आनन्दमय जीवन व्यतीत करने के लिए व्यक्ति के श्रेष्ठ व्यक्तित्व का होना अति आवश्यक है और व्यक्तित्व निर्माण के लिए श्रेष्ठ विचारों का होना आवश्यक है। हम प्रायः देखते हैं कि लोग जिस तरह से विरोध के लिए विरोध करते हैं, ठीक उसी प्रकार कुछ भी बोलने के लिए बोल देते हैं। चूंकि वे जब तक कुछ बोलते नहीं हैं, तब तक उन्हें रोटी पचती नहीं है और जब कुछ भी बोलने से बात बिगड़ जाती है तो कहते हैं कि जबान फिसल गई। अतः बोलकर सोचने से अच्छा है कि पहले अच्छे से विचार कर लें, फिर बोलें। बोलना हो तभी बोलें। हर वक्त अपनी उपस्थिति दर्ज कराने के लिए बक-बक न करें। इससे आपकी ही तौहीन होती है, भले ही कोई आपसे कहे या न कहे।
आज हम अपने आपको आधुनिक, शिक्षित, समझदार कहते नहीं थकते हैं, फिर भी अनेक बार हंसी के पात्र भी बन जाते हैं। इसलिए हर जगह संयम, धैर्य, मौन, त्याग, सहनशीलता जैसे गुणों के साथ अपने आपको संयमित रखें। आज के समय में हर कोई कहता है कि समय नहीं है, अतः कद्र करिए ऐसे लोगों की जो पैसे और तोहफे नहीं, खुद को आप पर खर्च करते हैं। अर्थात वे चलकर आपसे मिलने आते हैं, हमारे सुख-दुख पूछते हैं, परिवार के हर सदस्य के बारे में जानकारी प्राप्त करते हैं और उनकी खुशी में ही अपनी खुशी समझते हैं। अतः उनका सदैव आदर-सत्कार कीजिए। चूंकि आज की आपाधापी के दौर में जो आपको चलकर समय दें, ऐसे लोग दुकानों पर नहीं, नसीब से मिलते हैं।
कहते हैं कि जो दूसरों की खुशी के लिए अपनी हार मान लेता हो, फिर उससे कोई कभी भी नहीं जीत सकता। ऐसे लोग महान कहलाते हैं। अगर आप सच्चे मन से इस बात को जानना चाहते हैं तो आप देखेंगे कि आपके माता-पिता अपने बच्चों व अपनों की खुशी के लिए हर समय हार मानने को तैयार रहते हैं। इसलिए उनके त्याग, धैर्य, सहनशीलता और अपनत्व की तुलना हम किसी और के साथ नहीं कर सकते।
सुनील कुमार माथुर
33, वर्धमान नगर, शोभावतों की ढाणी,
खेमे का कुंआ, पाल रोड, जोधपुर, राजस्थान।








Nice article