
🌟🌟🌟
मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी–2025 खेल महाकुम्भ के अंतर्गत रूद्रपुर क्षेत्र में न्यायपंचायत और विधानसभा स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं में अण्डर-14 और अण्डर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिकाएं विभिन्न खेलों में प्रतिभाग करेंगे।
- अण्डर-14 और अण्डर-19 वर्ग के बालक-बालिकाओं के लिए विभिन्न खेलों का आयोजन
- 24 से 26 दिसम्बर तक न्यायपंचायत स्तर पर होंगे मुकाबले
- 29 दिसम्बर से 3 जनवरी तक विधानसभा स्तर की प्रतियोगिताएं
- एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो सहित पारंपरिक खेलों को भी मिलेगा मंच
रूद्रपुर। मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी–2025 खेल महाकुम्भ के अंतर्गत रूद्रपुर क्षेत्र में खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से न्यायपंचायत और विधानसभा स्तर पर व्यापक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। खण्ड विकास अधिकारी रूद्रपुर असीत आनंद ने जानकारी देते हुए बताया कि इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के प्रतिभावान खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
Government Advertisement...
उन्होंने बताया कि न्यायपंचायत स्तर पर प्रतियोगिताएं 24 और 26 दिसम्बर को आयोजित की जाएंगी। न्यायपंचायत बरा की प्रतियोगिताएं राजकीय इंटर कॉलेज बरा में, न्यायपंचायत दरऊ की प्रतियोगिताएं राजकीय इंटर कॉलेज दरऊ में, न्यायपंचायत बण्डिया की प्रतियोगिताएं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय तुर्कागौरी में, न्यायपंचायत नारायणपुर की प्रतियोगिताएं राजकीय इंटर कॉलेज कनकपुर में तथा न्यायपंचायत बिगरावाग की प्रतियोगिताएं राजकीय इंटर कॉलेज फौजी मटकोटा में आयोजित होंगी। इन प्रतियोगिताओं में अण्डर-14 और अण्डर-19 आयु वर्ग के बालक एवं बालिका वर्ग में एथलेटिक्स, खो-खो, कबड्डी और मुर्गा झपट जैसे खेलों का आयोजन किया जाएगा।
इसके बाद विधानसभा स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें न्यायपंचायत स्तर पर विजेता रहे खिलाड़ी भाग लेंगे। विधानसभा किच्छा के अंतर्गत सेंट पीटर सीनियर सेकेंडरी स्कूल किच्छा में 29 दिसम्बर को अण्डर-14 और अण्डर-19 बालक वर्ग की प्रतियोगिताएं होंगी, जबकि 30 दिसम्बर को अण्डर-14 और अण्डर-19 बालिका वर्ग की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें न्यायपंचायत बरा, दरऊ और बण्डिया के विजेता खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे।
इसी क्रम में विधानसभा रूद्रपुर के अंतर्गत पुलिस लाइन और मनोज सरकार स्पोर्ट्स स्टेडियम रूद्रपुर में 2 जनवरी को अण्डर-14 और अण्डर-19 बालक वर्ग की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जबकि 3 जनवरी को अण्डर-14 और अण्डर-19 बालिका वर्ग की प्रतियोगिताएं होंगी। इनमें न्यायपंचायत नारायणपुर और बिगवाड़ा के विजेता खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।
विधानसभा स्तर की प्रतियोगिताओं में एथलेटिक्स, खो-खो, कबड्डी, मुर्गा झपट के साथ-साथ वॉलीबाल और पिट्टू जैसे खेलों का भी आयोजन किया जाएगा। खण्ड विकास अधिकारी ने बताया कि खेल महाकुम्भ का उद्देश्य युवाओं में खेल भावना विकसित करना, प्रतिभाओं की पहचान करना और उन्हें राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने खिलाड़ियों से प्रतियोगिताओं में पूरे उत्साह और अनुशासन के साथ भाग लेने की अपील की है।





