
ऋषिकेश में गरूड़ चट्टी पुल से गंगा में छलांग लगाते युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। तेज बहाव और चट्टानों के बीच इस तरह का स्टंट बेहद खतरनाक बताया जा रहा है। पुलिस ने घटना से इनकार करते हुए वीडियो को पुराना होने की आशंका जताई है।
- रोमांच के चक्कर में जान से खेला युवक
- गंगा में छलांग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
- पुलिस ने घटना से किया इनकार, पुराना वीडियो होने की आशंका
- स्टंट बना जानलेवा खतरा, प्रशासन सतर्क
ऋषिकेश: उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल ऋषिकेश में रोमांच के नाम पर जान जोखिम में डालने का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। गरूड़ चट्टी पुल से गंगा नदी में छलांग लगाते एक युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने प्रशासन और स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। वीडियो में युवक पुल की ऊंचाई से सीधे गंगा में कूदता हुआ नजर आ रहा है। यह स्थान लक्ष्मणझूला–नीलकंठ मार्ग पर स्थित है, जहां अक्सर बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं।
खासकर वीकेंड पर यहां राफ्टिंग और प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने वालों की भीड़ रहती है। विशेषज्ञों के अनुसार, जिस स्थान से युवक ने छलांग लगाई, वहां गंगा का बहाव काफी तेज रहता है और नदी के भीतर कई स्थानों पर चट्टानें भी मौजूद हैं। ऐसे में इस तरह का स्टंट किसी भी समय गंभीर हादसे में बदल सकता था। स्थानीय लोगों का कहना है कि थोड़ी सी चूक जानलेवा साबित हो सकती है। हैरानी की बात यह है कि पुल के पास ही पुलिस चौकी मौजूद है और नियमित रूप से पुलिस बल की तैनाती रहती है.
इसके बावजूद इस तरह की घटनाएं सामने आना सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। वायरल वीडियो को नीचे से गुजर रही राफ्ट में बैठे कुछ युवकों ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा किया। हालांकि पुलिस ने इस घटना से साफ इनकार किया है। लक्ष्मणझूला थाना क्षेत्र के प्रभारी निरीक्षक के अनुसार, हाल ही में ऐसी कोई घटना सामने नहीं आई है और यह वीडियो पुराना भी हो सकता है।
फिर भी, प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि वे रोमांच के नाम पर इस तरह के खतरनाक स्टंट न करें और अपनी तथा दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखें। गंगा जैसे तीव्र प्रवाह वाली नदी में बिना सुरक्षा उपायों के कूदना न केवल अवैध है, बल्कि जान के लिए गंभीर खतरा भी है।





