
ऋषिकेश के शिवाजी नगर में एक तलाकशुदा महिला की गोली मारकर हत्या से सनसनी फैल गई। पुलिस इसे अचानक नहीं बल्कि पहले से रची गई साजिश मान रही है। आरोपी सुरेश घटना के बाद से फरार है और उसकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हैं।
- घर का दरवाजा खोलते ही जाली से सटाकर मारी गोली, मौके पर मौत
- हत्या के बाद शहर में वाहन छोड़कर फरार हुआ आरोपी सुरेश
- संपत्ति विवाद और शादी का दबाव बना हत्या की वजह
- नेताओं के साथ आरोपी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल
ऋषिकेश। ऋषिकेश के शिवाजी नगर क्षेत्र में सोमवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक तलाकशुदा महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान 32 वर्षीय प्रीति रावत के रूप में हुई है, जो मूल रूप से यमकेश्वर की निवासी थी और बीते एक वर्ष से शिवाजी नगर में किराये के कमरे में रह रही थी। वह एक आउटसोर्स एजेंसी के माध्यम से एम्स ऋषिकेश में कार्यरत थी। घटना रात करीब 10 बजे की है। पुलिस के अनुसार, उस समय प्रीति घर पर अकेली थी। इसी दौरान एक युवक बाइक से गली में पहुंचा और दरवाजा खटखटाया। जैसे ही प्रीति ने दरवाजा खोला, युवक ने जाली वाले दरवाजे से पिस्टल सटाकर गोली चला दी, जो सीधे उसके सीने में जा लगी। गोली लगते ही प्रीति की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस ने इस हत्या को एक सुनियोजित साजिश करार दिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी सुरेश गुप्ता ने इस वारदात की योजना पहले से बनाई थी। हत्या के तरीके और घटना के बाद आरोपी के व्यवहार से यह स्पष्ट होता है कि यह आवेश में की गई हत्या नहीं थी। हत्या के बाद आरोपी ने अपने वाहन भी शहर में ही छोड़ दिए। उसकी कार आवास विकास क्षेत्र के पास और स्कूटी नगर निगम के समीप बरामद हुई है। पुलिस का मानना है कि वह स्कूटी से घटनास्थल तक पहुंचा और फिर वाहन छोड़कर बस या किसी अन्य साधन से शहर से बाहर निकल गया।
Government Advertisement...
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट के अनुसार, आरोपी सुरेश घटना के बाद से बेहद शातिराना तरीके से फरारी काट रहा है। उसने हत्या वाले दिन केवल प्रीति और उसके परिजनों से ही फोन पर बात की और उसके बाद मोबाइल फोन स्विच ऑफ कर लिया, जिससे पुलिस को तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रेस करने में कठिनाई हो रही है। आशंका है कि आरोपी शहर से काफी दूर निकल चुका है, हालांकि पुलिस का दावा है कि वह उनकी रडार पर है और जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
जांच में सामने आया है कि आरोपी सुरेश गुप्ता ने प्रीति से शादी करने के लिए लक्सर, हरिद्वार स्थित अपनी पैतृक संपत्ति करीब 35 लाख रुपये में बेच दी थी। वह प्रीति के साथ ऋषिकेश में मकान खरीदकर रहने की योजना बना रहा था, लेकिन तय बजट में मकान न मिल पाने के कारण दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगे। पुलिस के अनुसार, इसी मनमुटाव और अवसाद के चलते आरोपी ने हत्या जैसा कदम उठाया। वहीं मृतका के परिजनों ने पुलिस को बताया कि सुरेश प्रीति पर शादी का लगातार दबाव बना रहा था।
उसने प्रीति से शादी के लिए अपनी पत्नी को भी तलाक दे दिया था। जब प्रीति ने शादी से इनकार किया, तो आरोपी ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे दिया। प्रीति की बड़ी बहन ने आरोप लगाया कि सुरेश पहले भी प्रीति के साथ मारपीट कर चुका था और एक बार उसका गला दबाने का प्रयास भी किया गया था, जिसकी शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई थी। इस बीच सोशल मीडिया पर आरोपी सुरेश की कई प्रभावशाली नेताओं, राज्यसभा सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ तस्वीरें सामने आई हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी किसी संगठन से जुड़ा हुआ था और सामाजिक कार्यक्रमों में भी सक्रिय रूप से भाग लेता था।
फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।





