
देहरादून में पॉली किड्स स्कूल डीएल रोड के वार्षिकोत्सव में बच्चों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट शैक्षणिक नेतृत्व के लिए प्रिंसिपल संगीता मल्होत्रा को सम्मानित किया गया।
- रंगारंग प्रस्तुतियों से सजा पॉली किड्स स्कूल का वार्षिकोत्सव, विधायक खजान दास रहे मुख्य अतिथि
- ‘फुटप्रिंट्स अक्रॉस द वर्ल्ड’ थीम पर बच्चों ने पेश की वैश्विक संस्कृति की झलक
- संस्कारवान शिक्षा का संदेश देता पॉली किड्स स्कूल का भव्य वार्षिकोत्सव
- उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रिंसिपल संगीता मल्होत्रा को मिला सम्मान
(अंकित तिवारी)
देहरादून। पॉली किड्स स्कूल, डीएल रोड का वार्षिकोत्सव समारोह रविवार को सर्वे ऑफ इंडिया के ऑडिटोरियम में भव्य और उल्लासपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नन्हे विद्यार्थियों की रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक राजपुर रोड श्री खजान दास द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में बच्चों को केवल किताबी ज्ञान नहीं, बल्कि संस्कारवान और मूल्य आधारित शिक्षा देना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पॉली किड्स स्कूल की सभी शाखाएं इस दिशा में सराहनीय कार्य कर रही हैं, जो अभिभावकों के लिए भी संतोष का विषय है। ‘फुटप्रिंट्स अक्रॉस द वर्ल्ड’ थीम पर आधारित वार्षिकोत्सव में ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना को मंच पर जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया।
अफ्रीकन ट्राइबल डांस, वाल्ट्ज डांस, अंटार्कटिका, ओशन ऑफ द वर्ल्ड और नेटिव अमेरिकन संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियाँ कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहीं। ग्रैंड फिनाले डांस में भारत की विविधता में एकता को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया गया। विभिन्न प्रांतों की पारंपरिक वेशभूषा में सजे बच्चों ने मंच पर जीवंत प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब तालियाँ बटोरीं। इस अवसर पर स्कूल के चेयरमैन श्री मुकुल महेंद्रु ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण और ज्ञानवर्धक शिक्षा प्रदान करने के लिए पॉली किड्स स्कूल का शिक्षण स्टाफ निरंतर समर्पित भाव से कार्य कर रहा है।
बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर अत्याचारों के खिलाफ जमीअत का कड़ा रुख
उन्होंने शिक्षकों और अभिभावकों के सहयोग को भी विद्यालय की सफलता का आधार बताया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्रिंसिपल श्रीमती संगीता मल्होत्रा को उनके उत्कृष्ट नेतृत्व और सराहनीय शैक्षणिक कार्यों के लिए चेयरमैन द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह में डायरेक्टर श्री उदय गुजराल, श्री रोहन गुजराल, श्रीमती रंजना महेंद्रु, दिव्या जैन, दीप्ति सेठी सहित बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन सक्षम मल्होत्रा और शालिनी सुब्बा ने संयुक्त रूप से किया।
मेरे खिलाफ षडयंत्र रचा गया, सबूत मिले तो राजनीति छोड़ दूंगा : दुष्यंत गौतम









