
(कार्यालय संवाददाता)
जोधपुर। बाल प्रहरी द्वारा गूगल मीट पर आयोजित अखिल भारतीय कवि सम्मेलन में कवियों और कवयित्रियों ने दीपावली पर एक से बढ़कर एक शानदार प्रस्तुतियां देकर माहौल को उल्लासमय बना दिया। श्रोतागण लगातार “वाह-वाह” कर उत्साह व्यक्त करते रहे।
कवियों ने “दीपावली क्यों मनाते हैं”, “आई दिवाली”, “दिल से दिल मिला दें”, “उत्सवधर्मी देश है भारत”, “एक दिया जलाने से क्या होता है”, “शुभ दीपावली”, “लो फिर आई दिवाली”, “आओ हम सब मिलकर दीप जलाएं” और “दीपों का त्योहार लाई दीपावली” जैसे शीर्षकों पर भावपूर्ण रचनाएं प्रस्तुत कीं।
साहित्यकार सुनील कुमार माथुर ने बताया कि सम्मेलन की अध्यक्षता हीरा सिंह कौशल ने की, मुख्य अतिथि अशोक नेगी थे और संचालन श्रीमती विमला जोशी (वाशिंगटन, अमेरिका) ने किया। इस कवि सम्मेलन में छत्तीसगढ़, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, नैनीताल, अल्मोड़ा, पौड़ी, बागेश्वर और बिहार सहित देश के विभिन्न राज्यों से आमंत्रित 18 कवि और कवयित्रियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के अंत में साहित्यकार उदय किरौला ने सभी प्रतिभागियों और आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया।









