
देहरादून। मसूरी आने वाले पर्यटकों को ट्रैफिक जाम, लंबी कतारें और बैरियर पर होने वाली देरी से जल्द ही राहत मिलने वाली है। नगर पालिका मसूरी ने पर्यटन सीजन को ध्यान में रखते हुए मालरोड बैरियर को पूरी तरह हाई-टेक बनाने का निर्णय लिया है। पालिका बोर्ड बैठक में 37 प्रस्ताव पेश किए गए, जिनमें से 35 को सर्वसम्मति से मंजूरी मिली। इन्हीं प्रस्तावों में मालरोड के दोनों बैरियर पर फास्ट टैग सुविधा और स्कैनिंग कैमरे लगाने का अहम निर्णय शामिल था। दो महीनों के भीतर यह सिस्टम पूरी तरह लागू कर दिया जाएगा। इस नई व्यवस्था से वाहन बैरियर से बिना रुके स्वतः स्कैन होकर आगे बढ़ सकेंगे, जिससे पर्यटकों का कीमती समय बचेगा और शहर में ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा।
साथ ही नगर पालिका की आय में बढ़ोतरी होने की संभावना है, क्योंकि फास्ट टैग के माध्यम से शुल्क संग्रह अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी हो जाएगा। स्थानीय नागरिकों के लिए विशेष पास भी जारी किए जाएंगे, जिससे उन्हें बार-बार शुल्क नहीं देना पड़ेगा। नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी की अध्यक्षता में हुई बैठक में शहर के कई विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा कर महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। टिहरी बस स्टैंड क्षेत्र में बड़ी पार्किंग निर्माण, मौसी फॉल का सौंदर्यीकरण, झड़ीपानी प्राइमरी स्कूल में आंगनबाड़ी कक्ष निर्माण, ओल्ड टिहरी बस अड्डे और बार्लोगंज में नई पार्किंग योजनाओं को भी मंजूरी मिली। साथ ही रोपवे ट्रॉली संचालन के लिए नए टेंडर आमंत्रित करने, लाइब्रेरी गाड़ीखाना कार पार्किंग की पुनः ई-निविदा जारी करने तथा टाउन हॉल संचालन से जुड़े प्रस्ताव भी स्वीकृत हुए।
बैठक में हुसैनगंज क्षेत्र का नाम बदलकर कृष्णानगर करने का प्रस्ताव भी पास किया गया। इसके अलावा वेंडिंग जोन की स्थापना, पेट्रोल-डीजल फिलिंग स्टेशनों के किरायों की पुनर्समीक्षा, किंग्रेग क्षेत्र में खाली दुकानों को जरूरतमंदों को आवंटित करने और नगर क्षेत्र में आवारा पशुओं के रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था पर भी विस्तार से चर्चा हुई। स्वच्छ सर्वेक्षण में प्रथम स्थान मिलने पर प्रदान 25 लाख रुपये की राशि के उपयोग पर भी निर्णय लिया गया। तय हुआ कि यह धनराशि दो भागों में खर्च होगी—आधा हिस्सा पर्यावरण मित्रों की सुविधा और प्रोत्साहन पर लगाया जाएगा, जबकि शेष आधी राशि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली को मजबूत करने में उपयोग होगी। पथ प्रकाश व्यवस्था सुधारने के लिए छह लाइनमैन की नियुक्ति, एक स्काई लिफ्ट खरीदने, पालिका सभागार के आधुनिकीकरण, सर्दियों में अलाव व्यवस्था हेतु लकड़ी खरीदने, पालिका क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाने और मालरोड के लिए नए बूम बैरियर लगाने का प्रस्ताव भी अनुमोदित हुआ।
Government Advertisement...
झूलाघर क्षेत्र से बड़ा झूला हटाने तथा टाउन हॉल के क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत पर भी सहमति बनी। हालांकि सैनिक विश्राम गृह के लिए भूमि देने के प्रस्ताव पर कई सभासदों ने आपत्ति जताई और इस विषय पर आगे विस्तृत चर्चा की आवश्यकता बताई। इसके अतिरिक्त जून से सितंबर 2025 तक डीजल आपूर्ति के लिए 13.79 लाख रुपये के प्रस्ताव को भी हरी झंडी मिल गई। बैठक में ईओ तनवीर मारवाह और अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि फास्ट टैग प्रणाली को तय समय सीमा में लागू कर दिया जाएगा और यह मसूरी में पर्यटकों के प्रवेश को पहले से अधिक तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक बना देगा।





