
सर्दियों में फूलगोभी में छिपे बारीक कीड़े सेहत के लिए नुकसानदेह हो सकते हैं। कुछ आसान घरेलू और सुरक्षित उपाय अपनाकर आप मिनटों में गोभी को पूरी तरह साफ कर सकते हैं और निश्चिंत होकर इसका स्वाद ले सकते हैं।
- साधारण धुलाई नहीं करती काम, अपनाएं ये देसी ट्रिक्स
- नमक-हल्दी से लेकर सिरके तक, गोभी साफ करने के असरदार तरीके
- सर्दियों में फूलगोभी खाते समय बरतें ये जरूरी सावधानियां
- ब्लांचिंग से लेकर गैस फ्लेम तक, कीड़े निकालने के आसान उपाय
सर्दियों के मौसम में फूलगोभी की सब्जी जितनी स्वादिष्ट और पौष्टिक लगती है, उतनी ही बड़ी परेशानी इसमें छिपे बारीक कीड़े बन जाते हैं। कई बार साधारण पानी से धोने पर भी ये कीड़े बाहर नहीं निकलते, जिससे न सिर्फ स्वाद खराब होता है बल्कि सेहत को भी नुकसान पहुंच सकता है। ऐसे में जरूरी है कि गोभी को पकाने से पहले सही तरीके से साफ किया जाए। घरेलू किचन में मौजूद कुछ आसान चीजों की मदद से आप फूलगोभी को पूरी तरह कीट-मुक्त बना सकती हैं। ये उपाय सुरक्षित, सस्ते और बेहद असरदार माने जाते हैं।
फूलगोभी के ऊपर हल्के हाथों से सरसों का तेल लगाएं। अब चिमटे की मदद से गोभी को पकड़कर गैस की धीमी आंच पर कुछ सेकेंड के लिए घुमाएं। गर्मी और धुएं की गंध से गोभी की परतों में छिपे कीड़े तुरंत बाहर निकल आते हैं। यह तरीका खासतौर पर गहराई में छिपे कीटों के लिए बेहद कारगर है। गोभी को छोटे टुकड़ों में काट लें। एक बड़े बर्तन में गुनगुना पानी लें और उसमें 2 चम्मच नमक व 1 चम्मच हल्दी मिलाएं। हल्दी प्राकृतिक एंटीसेप्टिक है, जबकि नमक कीड़ों को निष्क्रिय कर देता है।
गोभी को 15–20 मिनट तक इस पानी में भिगोकर रखें। कुछ ही देर में कीड़े पानी की सतह पर तैरने लगेंगे। अगर गोभी में ज्यादा कीड़े या कीटनाशक की आशंका हो, तो ठंडे पानी में आधा कप सफेद सिरका और एक चम्मच बेकिंग सोडा मिलाएं। इसमें गोभी डालकर 10 मिनट छोड़ दें। यह तरीका न सिर्फ कीड़े निकालता है, बल्कि गोभी पर मौजूद रसायनों के असर को भी काफी हद तक कम करता है। बाद में साफ पानी से धोना न भूलें।
कीड़े तापमान में अचानक बदलाव सहन नहीं कर पाते। पहले गोभी के टुकड़ों को कुछ देर तेज धूप में रखें, फिर तुरंत बर्फ मिले ठंडे पानी में डाल दें। इस प्रक्रिया से कीड़े बाहर निकल आते हैं और गोभी ताजी व कुरकुरी बनी रहती है। सब्जी बनाने से पहले गोभी को उबलते पानी में एक चुटकी नमक डालकर 2–3 मिनट तक उबाल लें। इसके बाद ठंडे पानी से धो लें। इससे गोभी के अंदर मौजूद कीड़े और उनके अंडे पूरी तरह नष्ट हो जाते हैं।








