
गैरसैण विकासखंड की न्याय पंचायत आदिबद्री में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में 104 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें अधिकांश का मौके पर निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी ने शेष मामलों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों को भेजते हुए त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
- आदिबद्री में लगा बहुउद्देशीय शिविर, अधिकांश समस्याओं का मौके पर समाधान
- सड़क, पेयजल और बिजली से जुड़ी शिकायतें शिविर में रहीं प्रमुख
- जिलाधिकारी गौरव कुमार ने अधिकारियों को समयबद्ध कार्यवाही के दिए निर्देश
- मुख्यमंत्री धामी की पहल से गांव स्तर पर मिल रहा समस्याओं का समाधान
चमोली। मा. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की महत्वाकांक्षी पहल “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड गैरसैण की न्याय पंचायत आदिबद्री में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता जिलाधिकारी गौरव कुमार ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ स्कूली बच्चों की आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुआ, जिसने पूरे आयोजन को जीवंत बना दिया। शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां ग्रामीणों ने सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही लाभ भी प्रदान किया गया।
इस दौरान कुल 104 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें सड़क निर्माण में देरी, पेयजल व बिजली आपूर्ति, बिना पानी के बिल आने, जंगली जानवरों से फसल नुकसान, स्कूलों में शिक्षकों की कमी, अस्पताल, आंगनबाड़ी केंद्र और पंचायत भवन निर्माण से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया, जबकि शेष शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों को भेजते हुए त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने सड़क निर्माण कार्य समय से पूरा करने, जल जीवन मिशन के अधूरे कार्य शीघ्र पूर्ण करने, पूर्ति विभाग को समय पर राशन उपलब्ध कराने तथा कृषि विभाग को खेतों में घेरबाड़ की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
Government Advertisement...
इसके साथ ही बीडीओ गैरसैण को प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों का सर्वे कर लाभ दिलाने के आदेश भी दिए गए। शिविर में ग्राम प्रधान आदिबद्री आरती बहुगुणा ने पीपलचट्टी से जुगलगढ़ तक सड़क निर्माण, मैतोली गांव में कढ़ाई-बुनाई केंद्र, पार्किंग, पार्क और पेयजल व्यवस्था की मांग रखी। ग्राम पंचायत पिंडवाली से गौर सिंह शास्त्री ने सड़क निर्माण, हाईस्कूल उच्चीकरण, पंचायत भवन और अस्पताल की मांग की, जबकि ग्राम प्रधान शिल्पाटा रेखा नेगी ने आंगनबाड़ी केंद्र की आवश्यकता बताई। इन सभी मांगों पर जिलाधिकारी ने प्रस्ताव बनाकर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
विधायक अनिल नौटियाल ने मुख्यमंत्री की इस पहल के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे गांव स्तर पर ही समस्याओं का समाधान हो रहा है और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है। बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती ने अधिकारियों से आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में नोडल अधिकारी रमेश चन्द्र त्रिपाठी ने लोगों से भूदेव ऐप डाउनलोड करने और यूसीसी में पंजीकरण कराने की अपील की। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख दुर्गा देवी, परियोजना निदेशक आनंद सिंह भाकुनी, जिला विकास अधिकारी केके पंत, मुख्य चिकित्साधिकारी अभिषेक गुप्ता, एसडीएम सोहन सिंह रांगण सहित सभी विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।





