जल संकट के समाधान हेतु जल वर्ष 2025 के अंतर्गत देहरादून में होगा जल पूजन कार्यक्रम

अंकित तिवारी
देहरादून| जल संकट की चुनौती के समाधान के लिए हिमालय पर्यावरण जड़ी बूटी एग्रो संस्थान जाड़ी वर्ष 2025 को जल वर्ष के रूप में मनाएगा। इसी परिप्रेक्ष्य में जल वर्ष 2025 के अंतर्गत संस्थान द्वारा कल नदी, तालाब, कुएं, नौलों, धारों पनियारों जैसे प्राकृतिक जल स्रोतों का पूजन कार्यक्रम आयोजित किया है। यह कार्यक्रम राज्य भर के साथ देहरादून में भी शुरू किया जा रहा है।
देहरादून में जल पूजन कार्यक्रम दो स्थानों महादेवी कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय देहरादून में 10 बजे सुबह,और डी डी कॉलेज नींबूवाला स्थान टौंस नदी नजदीक टपकेश्वर मंदिर नदी में 11:30 बजे आयोजित किया जाएगा।जल संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता और भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए हिमालय पर्यावरण जड़ी-बूटी एग्रो संस्थान विगत वर्षों से उत्तराखंड में ‘कल के लिए जल’ अभियान चला रहा है।
इस अभियान के अंतर्गत जन्मदिन, विशेष अवसरों, और प्रियजनों की याद में कच्चे तालाब एवं जल कुंड बनाए जा रहे हैं। साथ ही ‘एक विद्यालय, एक जल स्रोत’ कार्यक्रम के तहत स्कूलों को जल खोत गोद लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। जल वर्ष 2025 को मनाने का उद्देश्य इन प्रयासों को राज्यव्यापी अभियान में बदलना है, जिससे हर नागरिक जल संरक्षण में अपना योगदान दे सके।
जल संरक्षण का यह आंदोलन केवल संस्थान का प्रयास नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। जल वर्ष 2025 को सफल बनाने के लिए हम सभी को आगे आकर अपना योगदान देना होगा। जल को बचाना न केवल वर्तमान पीढ़ी के लिए, बल्कि आने वाले कल के लिए भी हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।