
लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने हरिद्वार में समीक्षा बैठक के दौरान प्रदेश की सड़कों को शीघ्र गड्ढा मुक्त करने और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता व नवीन तकनीक अपनाने के निर्देश दिए। पैचवर्क शिकायतों के त्वरित निस्तारण, दुर्घटना संभावित स्थानों पर साइन बोर्ड लगाने और पूर्ण सड़कों पर परिवहन स्वीकृति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। साथ ही कैंची धाम बाईपास, देहरादून–मसूरी वैकल्पिक मार्ग और 2027 कुंभ की तैयारियों पर भी चर्चा हुई।
- प्रदेशभर में पैचवर्क को प्राथमिकता, मंत्री ने दिए सख्त निर्देश
- देहरादून–मसूरी वैकल्पिक मार्ग की डीपीआर तैयार
- कैंची धाम बाईपास से जाम से मिलेगी राहत
- 1456 शिकायतों में 1444 का निस्तारण, लोनिवि मंत्री की समीक्षा
देहरादून | उत्तराखंड के लोक निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने प्रदेशभर में सड़कों की बदहाल स्थिति को गंभीरता से लेते हुए उन्हें शीघ्र गड्ढा मुक्त करने के निर्देश दिए हैं। हरिद्वार में आयोजित सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक में मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि सभी निर्माण कार्य समयबद्धता और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं तथा आधुनिक तकनीकों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाए। मंत्री ने विशेष रूप से पैचवर्क कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने बताया कि विभाग को सड़कों में गड्ढों और पैचवर्क से संबंधित कुल 1456 शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिनमें से 1444 का निस्तारण किया जा चुका है। शेष शिकायतों को भी शीघ्र दूर करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं। बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि दुर्घटना संभावित स्थानों पर अनिवार्य रूप से साइन बोर्ड लगाए जाएं, ताकि सड़क सुरक्षा को मजबूत किया जा सके। जिन सड़कों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, उन पर वाहनों के संचालन से पूर्व परिवहन विभाग से आवश्यक स्वीकृति लेने के निर्देश भी दिए गए।
Government Advertisement...
मंत्री ने देहरादून के सुद्धोवाला से मसूरी तक वैकल्पिक सड़क संपर्क मार्ग की डीपीआर तैयार होने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मार्ग का अलाइनमेंट कार्य भी पूरा कर लिया गया है, जिससे भविष्य में यातायात दबाव कम करने में सहायता मिलेगी। बैठक के उपरांत मीडिया से बातचीत में मंत्री ने कहा कि सुप्रसिद्ध कैंची धाम मंदिर में लगने वाले जाम से जल्द राहत मिलेगी। इसके लिए कैंची धाम बाईपास को स्वीकृति मिल चुकी है और जून तक वैली ब्रिज तैयार कर यातायात को डायवर्ट कर दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त सिंगटाली पुल निर्माण के लिए वन विभाग से अनुमति मिलने के बाद शीघ्र निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
मंत्री ने यह भी बताया कि वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले कुंभ मेले को दिव्य और भव्य स्वरूप देने के लिए आधारभूत संरचना को सुदृढ़ किया जा रहा है। सड़क, पुल और यातायात प्रबंधन से जुड़े सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। बैठक में सचिव लोनिवि पंकज कुमार पांडे, प्रमुख अभियंता राजेश शर्मा, मुख्य अभियंता रंजीत सिंह रावत और अधीक्षण अभियंता डीपी सिंह सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।





