
मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर की साहित्यकार आशी प्रतिभा दुबे को लखनऊ में भारत रत्न अटल सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित किया गया, जिसमें देशभर की साहित्यिक और सामाजिक प्रतिभाओं को सम्मान मिला।
- अटल जी के जन्मदिवस पर साहित्यकारों और पत्रकारों का सम्मान
- आशी प्रतिभा दुबे ने समारोह में किया काव्य पाठ
- देश के विभिन्न राज्यों से चयनित प्रतिभाओं को मिला सम्मान
- पत्रकारों, चिकित्सकों और समाजसेवियों की रही विशेष भागीदारी
लखनऊ। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिवस के अवसर पर लखनऊ में आयोजित भारत रत्न अटल सम्मान समारोह में मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर की प्रख्यात साहित्यकार आशी प्रतिभा दुबे को विशिष्ट सम्मान से नवाजा गया। यह सम्मान उन्हें साहित्य के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया। यह गरिमामय समारोह प्रिंट मीडिया वर्किंग जर्नलिस्ट एसोसिएशन के तत्वावधान में सूचना एवं जन सम्पर्क निदेशालय के सभागार में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से चयनित साहित्यकारों, पत्रकारों, चिकित्सकों, अधिवक्ताओं एवं समाजसेवियों को सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान ग्वालियर से डॉ. शिव नाथ सिंह ‘शिव’, साहित्यकार आशी प्रतिभा दुबे, डॉक्टर पूर्णिमा सुमन, डॉक्टर मीरा कन्नौजिया, मो. जफर, निर्मला (छत्तीसगढ़), सविता जैन (हरियाणा), श्वेता जैन, प्रतिमा पाठक (दिल्ली), मुक्ति भंडारी सहित अनेक प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों को सम्मान प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त फर्स्ट एडिटर के संपादक कलीम खान, वरिष्ठ पत्रकार जी.पी. दीक्षित, पेजा के राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरीश कुमार कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में पत्रकारों और समाजसेवियों को भी सम्मानित किया गया।
Government Advertisement...
इस अवसर पर एसोसिएशन की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. रीमा सिंहा, राष्ट्रीय अध्यक्ष अजीज सिद्दीकी सहित कई वरिष्ठ अतिथि मंचासीन रहे। समारोह के दौरान सभागार साहित्य, पत्रकारिता और सामाजिक सेवा से जुड़े लोगों की उपस्थिति से भरा रहा। कार्यक्रम को साहित्यिक स्वरूप देते हुए कवियों और कवयित्रियों द्वारा काव्य पाठ भी किया गया। ग्वालियर की साहित्यकार आशी प्रतिभा दुबे ने भी काव्य पाठ में सहभागिता करते हुए भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को काव्य के माध्यम से रेखांकित किया।
समारोह के मुख्य अतिथि अम्मार रिजवी ने सभी सम्मानित साहित्यकारों, पत्रकारों और समाजसेवियों द्वारा समाज के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की और उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जैसे महान व्यक्तित्व के विचार आज भी समाज को दिशा देने का कार्य कर रहे हैं। समारोह का उद्देश्य साहित्य, पत्रकारिता और समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित कर समाज में सकारात्मक प्रेरणा का संचार करना रहा।








