
गोंडा के खोड़ारे क्षेत्र में सोमवार शाम खेलते समय चार मासूम बच्चे अचानक लापता हो गए, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। परिजन देर रात तक बच्चों की तलाश में भटकते रहे, जबकि पुलिस ने सर्च अभियान तेज कर दिया है। संभावित मार्गों और बाजारों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और हर एंगल से जांच की जा रही है।
- ढहढूआ कुतुबजोत गांव से 4 बच्चे अचानक लापता
- परिजनों की आंखों से छलके आंसू, गांव में दहशत का माहौल
- सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस, हर एंगल से जांच
- सोमवार शाम खेलते-खेलते गायब हुए चारों मासूम
गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में चार मासूम बच्चों के लापता होने की घटना से हड़कंप मच गया है। खोड़ारे थाना क्षेत्र के ढहढूआ कुतुबजोत (निकट गिन्नी नगर) गांव में सोमवार की शाम करीब चार से पांच बजे के बीच यह घटना हुई, जब बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे और अचानक गायब हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, बच्चे रोज की तरह गांव के बाहर खुले स्थान पर खेल रहे थे। कुछ देर बाद जब परिवार के लोगों ने उन्हें घर बुलाने की कोशिश की तो चारों का कहीं पता नहीं चला।
आसपास के खेतों, बागों और पड़ोसी गांवों में देर रात तक खोजबीन की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। लापता बच्चों में कृष्णा (11 वर्ष) पुत्र जगराम उर्फ खूंटी, विश्व प्रताप (7 वर्ष) पुत्र रामकुमार, रितेश (7 वर्ष) पुत्र अजय शर्मा और रेवांशु (7 वर्ष) पुत्र गोलू शामिल हैं। चारों के एक साथ गायब होने से गांव में दहशत का माहौल है। परिजन बदहवास हालत में इधर-उधर भटक रहे हैं और बच्चों की सुरक्षित वापसी की प्रार्थना कर रहे हैं।
Government Advertisement...
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू किया। पुलिस टीम गांव और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चला रही है। संभावित रास्तों, बाजारों और मुख्य चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हर संभावित एंगल से जांच की जा रही है। आसपास के थानों को भी अलर्ट कर दिया गया है और चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया है। ग्रामीणों से भी अपील की गई है कि यदि बच्चों के संबंध में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। इस घटना ने एक बार फिर बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पूरा गांव और प्रशासन चारों बच्चों की तलाश में जुटा है और सभी की निगाहें उनकी सुरक्षित वापसी पर टिकी हैं।








