
देहरादून | देहरादून में दिवाली की रात आतिशबाजी ने शहर की रौनक के साथ फायर ब्रिगेड की व्यस्तता भी बढ़ा दी। सोमवार शाम से लेकर मंगलवार तड़के तक महज 6 घंटे 30 मिनट में आग की 12 घटनाएं दर्ज की गईं। सबसे भीषण आग मेहूंवाला के प्लास्टिक गोदाम और निरंजनपुर मंडी में लगी। राहत की बात यह रही कि दमकल विभाग की तत्परता और जन जागरूकता से किसी बड़ी जनहानि से बचाव हो गया। मेहूंवाला में एक बड़े प्लास्टिक गोदाम में भीषण आग भड़क उठी। ज्वलनशील प्लास्टिक के कारण लपटें तेजी से फैलीं और दमकल कर्मियों को काबू पाने में करीब डेढ़ घंटे का समय लग गया। जलते प्लास्टिक से उठते जहरीले धुएं और तेज गंध के कारण फायर फाइटिंग ऑपरेशन में कठिनाई आई। दमकल विभाग ने विशेष एग्जॉस्ट सिस्टम लगाकर धुएं को निकालने की कोशिश की।
निरंजनपुर मंडी में तिरपाल से भड़की आग
निरंजनपुर सब्जी मंडी में एक बिल्डिंग की छत पर रखे फलों के बक्से, लकड़ी और तिरपाल में आग लग गई। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आग का कारण पटाखों के स्काई शॉट या रॉकेट रहे। लपटों ने छत पर रखे प्लास्टिक तिरपाल को तुरंत अपनी चपेट में ले लिया। सौभाग्य से समय रहते लोगों को बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। रातभर फायर ब्रिगेड को एक के बाद एक कॉल मिलती रहीं। धर्मावाला की दुकान, जीएमएस रोड पर चलती कार, राजीव नगर में इलेक्ट्रिक फायर, नेहरू ग्राम में पोली हाउस, ओल्ड राजपुर रोड पर पेड़, और सरस्वती बिहार में घर व कार में आग जैसी अन्य 10 घटनाएं भी दर्ज की गईं।
सभी घटनाओं पर फायर टीमों ने तुरंत कार्रवाई कर आग पर काबू पाया। फायर सेफ्टी ऑफिसर किशोर उपाध्याय ने बताया कि पिछले साल दिवाली पर 39 फायर कॉल आई थीं, जबकि इस बार संख्या घटकर 12 रह गई। उन्होंने कहा कि विभाग के जन जागरूकता अभियान का असर दिखा है — लोगों ने छतों पर कबाड़ और ज्वलनशील सामान नहीं रखा, जिससे नुकसान कम हुआ। हालांकि आग की अधिकतर घटनाएं अब भी पटाखों के कारण ही हुईं।
Government Advertisement...
दिवाली की रात आग लगने की घटनाओं का समयक्रम
1️⃣ 19:32 — धर्मावाला में दुकान में आग
2️⃣ 20:25 — निरंजनपुर बिल्डिंग की छत पर आग
3️⃣ 20:40 — मेहूंवाला में कबाड़ में आग
4️⃣ 21:04 — कबाड़ की दुकान में आग
5️⃣ 21:50 — सरस्वती बिहार में घर में आग
6️⃣ 22:12 — चंद्रबनी में खाली प्लॉट में आग
7️⃣ 23:10 — जीएमएस रोड पर चलती कार में आग
8️⃣ 23:25 — राजीव नगर घर में इलेक्ट्रिक फायर
9️⃣ 00:35 — नेहरू ग्राम में पोली हाउस में आग
🔟 00:55 — ओल्ड राजपुर रोड पर पेड़ में आग
1️⃣1️⃣ 01:32 — बिजली के पोल में आग
1️⃣2️⃣ 01:42 — सरस्वती बिहार में कार में आग





