
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत कुमार गौतम ने सोशल मीडिया के माध्यम से मानहानि का आरोप लगाते हुए दिल्ली हाईकोर्ट में दो करोड़ रुपये का दावा दायर किया है। याचिका में कांग्रेस, आम आदमी पार्टी समेत नौ प्रतिवादियों को नामजद किया गया है।
- सोशल मीडिया आरोपों पर भाजपा नेता की कानूनी कार्रवाई
- उर्मिला सनावर, सुरेश राठौर समेत नौ प्रतिवादी नामजद
- आपत्तिजनक कंटेंट हटाने व स्थायी रोक की मांग
- दून में दर्ज मुकदमों के बाद दिल्ली हाईकोर्ट का रुख
देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं उत्तराखंड प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम ने अपने खिलाफ इंटरनेट मीडिया और डिजिटल प्लेटफार्मों पर लगाए गए आरोपों को लेकर दिल्ली हाईकोर्ट में दो करोड़ रुपये से अधिक का मानहानि दावा दायर किया है।
याचिका में उन्होंने अभिनेत्री उर्मिला सनावर, पूर्व विधायक सुरेश राठौर, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, आम आदमी पार्टी, कांग्रेस के राष्ट्रीय मीडिया पैनलिस्ट आलोक शर्मा, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) के यूजर मोहित चौहान सहित कुल नौ प्रतिवादियों को पक्षकार बनाया है।
Government Advertisement...
सोशल मीडिया पर मानहानिकारक आरोपों का आरोप
याचिका में दुष्यंत कुमार गौतम की ओर से कहा गया है कि प्रतिवादियों द्वारा एक्स, मेटा प्लेटफॉर्म (फेसबुक व इंस्टाग्राम) और यूट्यूब के माध्यम से उनके खिलाफ झूठे, भ्रामक और मानहानिकारक बयान प्रसारित किए गए। इससे उनकी सामाजिक, राजनीतिक और सार्वजनिक प्रतिष्ठा को गंभीर क्षति पहुंची है। इसी आधार पर वादी ने सभी प्रतिवादियों से दो करोड़ रुपये का हर्जाना दिलाए जाने की मांग की है।
स्थायी निषेधाज्ञा की मांग
दुष्यंत गौतम ने अदालत से यह भी अनुरोध किया है कि उनके पक्ष में स्थायी निषेधाज्ञा जारी की जाए, ताकि प्रतिवादी या उनके एजेंट, प्रतिनिधि, सहयोगी अथवा अन्य संबंधित व्यक्ति भविष्य में उनके विरुद्ध किसी भी प्रकार की मानहानिकारक सामग्री का प्रकाशन या प्रसार न कर सकें।
इसके अतिरिक्त याचिका में यह भी प्रार्थना की गई है कि कोर्ट प्रतिवादियों को निर्देश दे कि वे न केवल याचिका में उल्लेखित आपत्तिजनक लिंक हटाएं, बल्कि वादी या उसके अधिवक्ता द्वारा सूचित किए जाने पर उसी सामग्री के मिरर, पुनः अपलोड, संपादित या अनुवादित संस्करणों को भी तुरंत डिजिटल प्लेटफार्मों से हटाने के लिए बाध्य हों।
दून में पहले से दर्ज हैं मुकदमे
गौरतलब है कि इससे पहले भी दुष्यंत कुमार गौतम की ओर से देहरादून की डालनवाला कोतवाली में अभिनेत्री उर्मिला सनावर व अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जा चुका है। इसके अलावा 24 दिसंबर को पूर्व जिला पंचायत सदस्य आरती गौड़ ने भी नेहरू कॉलोनी थाने में उर्मिला सनावर और पूर्व विधायक सुरेश राठौर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि सोशल मीडिया पर उनके विरुद्ध अश्लील, भ्रामक और तथ्यहीन सामग्री प्रसारित की गई।
आरती गौड़ ने यह भी बताया था कि उर्मिला सनावर के खिलाफ देहरादून, हरिद्वार के रानीपुर और बहादराबाद थानों में पहले से ही अश्लील सामग्री पोस्ट करने और धार्मिक-जातीय उन्माद फैलाने से जुड़े मामले दर्ज हैं, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन हैं।





