
सीएम योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे, जहां उनसे मिलने के लिए ग्रामीणों और बच्चों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। गांव भ्रमण के दौरान उन्होंने बच्चों को दुलारते हुए आत्मीय संवाद किया और नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। दो दिवसीय प्रवास में उन्होंने विकास कार्यों का निरीक्षण, लोकार्पण और पर्यावरण संरक्षण के संदेश भी दिए।
- पंचूर गांव में उमड़ा जनसैलाब, सीएम योगी से मिलने पहुंचे दूर-दराज़ के लोग
- बच्चों के फूल और चॉकलेट ने बनाया सीएम योगी का दौरा यादगार
- शादी के कार्ड लेकर पहुंचीं युवतियां, सीएम योगी ने दिया आशीर्वाद
- गांव भ्रमण से लेकर विद्यालय लोकार्पण तक, दो दिन पंचूर में रहे सीएम योगी
देहरादून। उत्तराखंड के यमकेश्वर क्षेत्र स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गांव में भव्य और भावनात्मक स्वागत किया गया। शनिवार को सुबह से ही ऋषिकेश, नरेंद्र नगर, कोटद्वार, देहरादून सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग सीएम योगी से मिलने पंचूर पहुंचे। उनके आवास के बाहर लोगों की लंबी कतारें लगी रहीं और हर कोई उनसे कुछ पल मुलाकात की चाह लिए नजर आया। गांव भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बालप्रेम विशेष रूप से देखने को मिला। रास्ते में मिले छोटे-छोटे बच्चों को उन्होंने स्नेहपूर्वक दुलार किया।
एक बच्चे द्वारा फूल भेंट कर पैर छूने पर सीएम योगी ने उसे चॉकलेट की पोटली दी। जब बच्चा वह पोटली अपने दादा को देने लगा तो मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए कहा—“हम भी तेरे दादा लगते हैं।” यह दृश्य वहां मौजूद लोगों के लिए बेहद भावुक और यादगार बन गया। सीएम योगी के आवास पर नवविवाहित जोड़े भी पहुंचे, जिन्हें उन्होंने आशीर्वाद दिया। शिवानी बडोला और योगेश सेमवाल नामक नवदंपती ने मुख्यमंत्री के साथ तस्वीर भी खिंचवाई। वहीं कुछ ग्रामीण युवतियां अपनी शादी का निमंत्रण पत्र लेकर मुख्यमंत्री से मिलने आईं और विवाह समारोह में शामिल होने का आग्रह किया, जिस पर मुख्यमंत्री ने सहर्ष हामी भरी और उनके साथ फोटो भी खिंचवाई।
Government Advertisement...
गांव के लोगों से संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने पुराने परिचय भी ताजा किए। कांडी निवासी जयवीर नेगी ने बताया कि पहले मुख्यमंत्री उन्हें पहचान नहीं पाए, लेकिन पिता और चाचा का नाम सुनते ही योगी आदित्यनाथ ने हालचाल पूछते हुए परिवार की जानकारी ली, जिससे ग्रामीण भावुक हो उठे। दो दिवसीय कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता इंटर कॉलेज यमकेश्वर में नव निर्मित दोमंजिला कक्षा-कक्ष भवन का लोकार्पण किया तथा पंचूर गांव में निर्माणाधीन मंदिर का निरीक्षण भी किया।
इसके अलावा उन्होंने गुरु गोरखनाथ महाविद्यालय पहुंचकर महंत अवैद्यनाथ की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए और परिसर में आम का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने स्टाफ को स्थानीय जलवायु के अनुकूल फलदार पौधे लगाने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने महाविद्यालय में नव निर्मित विज्ञान और कंप्यूटर लैब का निरीक्षण किया तथा स्थानीय विधायक को खेल मैदान को मिनी स्टेडियम के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए।
शाम के समय मुख्यमंत्री ने अपनी माता से आशीर्वाद लिया और बहनों व उपस्थित लोगों को हाथ जोड़कर अभिवादन करते हुए पंचूर से विदा हुए। सीएम योगी आदित्यनाथ का यह दौरा न केवल विकास कार्यों के निरीक्षण का रहा, बल्कि अपने गांव और लोगों के साथ भावनात्मक जुड़ाव का भी जीवंत उदाहरण बन गया।





